दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 फरवरी। नगर पालिका निगम जामुल की पार्षद की जाति को लेकर शिकायत करने वाले व्यक्ति ने मामला वापस लेने के लिए न सिर्फ महिला पार्षद से 5 लाख रुपयों की डिमांड की बल्कि न देने पर उसे परिवार समेत खत्म करने की धमकी भी दी है। इस संबंध में काल रिकार्डिंग समेत प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी संतोष दास पिता स्व. मंगल दास के खिलाफ धारा 294, 341, 384, 500, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जामुल के वार्ड-13 की कविता विश्वाल पति हेमंत विश्वाल निवासी लवकुश नगर विगत 20 वर्षों से लगातार पार्षद हैं। पिछले पार्षद चुनाव में नामांकन के समय संतोष दास ने द्वारा उनकी जाति को लेकर नगर पालिका में 6 दिसंबर को रिटर्निंग आफिसर के पास आपत्ति दर्ज करायी थी जिसकी जांच बाद आपत्ति को रिटर्निंग आफिसर द्वारा उचित साक्ष्य के अभाव में खारिज कर दिया गया था।
पार्षद का आरोप है कि उसके बाद से लगातार संतोष दास उन्हें मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहा है। कविता ने बताया कि आए दिन संतोष दास के द्वारा किसी न किसी माध्यम से 5 लाख रूपये मांगे जा रहे हैं। संतोष दास ने पार्षद से कहा कि 5 लाख नगद दे दो तो तुम्हारे खिलाफ कोई बयान बाजी या न्यायालय में दिया गया आवेदन वापस ले लूंगा। उसने रूपये नहीं देने पर पूरे जामुल में पार्षद को बदनाम करने, न्यायालय में झूठा आरोप लगाकर पूरे परिवार को बर्बाद करने की मोबाइल पर अनेक बार धमकी दे चुका है।
मानसिक रूप से परेशान पार्षद ने बताया कि वो बीपी और हार्ट की मरीज हैं। संतोष दास द्वारा लगातार कई लोगों के माध्यम से रूपये की मांग करते हुए ब्लैकमेलिंग की जा रही है जिसकी वाईस रिकार्डिग भी उनके पास है।
पालिका कार्यालय जाते समय कई बार संतोष दास रास्ता रोक गाली गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देते रहा है जिसकी जानकारी बी रवि राव और रोशन यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को भी है। विश्वाल ने पुलिस को बताया कि संतोषदास से पार्षद और उनके परिवार को जान का खतरा है।