दुर्ग

फरार पटवारी की गिरफ्तारी की मांग, सीएम से लगी गुहार
21-Feb-2022 3:04 PM
फरार पटवारी की गिरफ्तारी की मांग, सीएम से लगी गुहार

अवैध प्लाटिंग का मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 फरवरी। 
अवैध प्लाटिंग कर जमीन बेचने का मामला अब खासा तुल पकडऩे लगा है। पीडित सैनिक ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को शिकायती पत्र सौंप फरार पटवारी तुलसी साहू की शीघ्र गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।

गौरतलब हो कि नंदिनी थाना अंतर्गत ग्राम अरसनारा में जुनवानी निवासी सैनिक लुकेश साहू की जमीन पर अवैध प्लाटिंग कर धोखाधड़ी से बेचने के मामले में पटवारी सहित एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। लुकेश कश्मीर के रजौरी में बीएसएफ में पदस्थ है। उसकी जमीन फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेच दी गई थी। लुकेश की शिकायत पर पुलिस ने 20 जनवरी को पटवारी तुलसी साहू समेत अन्य के खिलाफ धारा 420, 34, 120, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया था। केस दर्ज होने के बाद से आरोपी पटवारी और अजय कुर्रे फरार हैं। कोर्ट ने दोनों की अग्रिम जमानत भी खारिज कर दी है। गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर लुकेश ने इसकी शिकायत प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से करते हुए आरोपियों की गिरफ्तार की मांग की है।

सैनिक लुकेश के मुताबिक उसने वर्ष 2010 में पार्टनर अश्विनी चंद्राकर के साथ मिलकर अरसनारा में जमीन खरीदी थी। उक्त जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करके पटवारी ने मोदित पटेल, अजमेर सिंह, अखिलेश कालबेले के साथ मिलकर अवैध प्लाटिंग कर बेच दी। पुलिस ने इस मामले में मोदित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और फरार पटवारी की तलाश में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट