दुर्ग
दुर्ग, 20 फरवरी। महिलाओं की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा अभिव्यक्ति ऐप का प्रचार प्रसार किया गया। शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्ल्यू नीता पवार के मार्गदर्शन में रक्षा टीम प्रभारी निरीक्षक सी तिर्की, सहायक उपनिरीक्षक संगीता मिश्रा एवं रक्षक टीम के सदस्य द्वारा जीजाबाई महिला मंडल दुर्ग में अभिव्यक्ति ऐप का प्रचार प्रसार किया गया। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु इस ऐप के इस्तेमाल के लिए सबसे पहले महिलाओं को अपने मोबाइल फोन में प्ले स्टोर से अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड करने के बारे में बताया गया, जिसमें उन्हें साइन इन करना है। उसके बाद अपना मोबाइल नंबर डालना है।केवाईसी अपडेट करना है। जिसके बाद महिलाएं कभी भी इस ऐप के माध्यम से अपनी शिकायत को बस एक क्लिक पर अपलोड कर तुरंत पुलिस की सहायता प्राप्त कर सकती है। इस एप्लीकेशन में महिलाएं एवं लड़कियां अपनी समस्या ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकती है और ऑनलाइन अपनी शिकायतों के निराकरण के स्टेटस को भी देख सकती हैं।
इस बारे में महिलाओं को पूर्ण जानकारी पुलिस विभाग द्वारा दी गई। कई महिलाओं के मोबाइल में अभिव्यक्ति ऐप को डाउनलोड भी कर दिखाया गया। इस कार्यक्रम के दौरान जीजाबाई महिला समाज के अध्यक्ष शिवानी देशमुख एवं समाज के अन्य महिलाएं, बच्चे भी उपस्थित थे।