दुर्ग

कलेक्टर ने किया निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण
20-Feb-2022 4:01 PM
कलेक्टर ने किया निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 20 फरवरी।
नगर में हो रहे विकास के विभिन्न निर्माण कार्यों तथा पूर्ण हो चुके  कार्यों का निरीक्षण करने के लिए दुर्ग कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने शनिवार को  विभिन्न वार्डों का दौरा कर उपरोक्त कार्यो के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
सर्वप्रथम उन्होंने बड़े तालाब के निर्माण कार्य को देखा एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके पश्चात नगर पालिका के निर्माणाधीन नवीन कार्यालय का दौरा किया। वार्ड क्रमांक 15 में निर्मित बैडमिंटन कोर्ट एवं उद्यान जोकि पूर्ण निर्मित हो चुका है का निरीक्षण कर संतुष्ट हुए। वार्ड क्रमांक 7 स्थित मिनी स्टेडियम के संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का आदेश दिया।

वार्ड क्रमांक 4 महामाया उद्यान का निरीक्षण करते हुए कार्य पूर्णता के अंतिम चरण में पहुंचे इस उद्यान से संबंधित साज-सज्जा हेतु निर्देशित किया एवं कार्य की  प्रशंसा भी की। उन्होंने विशेष रूप से अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए समस्त प्रशासकीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया की समय सीमा को ध्यान में रखते हुए कार्य को पूर्ण कराया जाए, ताकि नगर वासियों को इसका समुचित लाभ मिल सके।

नगर में अन्य निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्होंने पुन: नगर के अन्य वार्डों के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करने आने की जानकारी देते हुए कहा कि यदि संबंधित कार्यों के लिए जिन चीजों की आवश्यकता प्रतीत होती है, उसे तत्काल संज्ञान में लेते हुए प्रस्तुत किया जाए, ताकि कार्य प्रगति में किसी प्रकार की रुकावट ना आ सके। जिलाधीश ने इस संक्षिप्त दौरे में स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य में किसी प्रकार की कमी ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर मनीष बंछोर ओएसडी मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन, अनुविभागीय अधिकारी बृजेश सिंह क्षत्रिय, नायब तहसीलदार  अजीत चौबे नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर, नगरपालिका उपाध्यक्ष के रवि कुमार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी जीतेंद्र कुशवाहा, इंजीनियर रेवती रमण शर्मा, इंजीनियर दुशांत, गौरव केशरवानी, निलेश देवांगन, एवं पालिका के अधिकारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट