दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 फरवरी। खनिज महकमा की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर जांच की। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन कर रहे चार हाईवा पकड़ा, जिनके खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इन सभी वाहनों पर एक लाख रुपए से अधिक का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री के निर्देश के बात से लगातार अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के मामले में विभाग द्वारा जांच की कार्रवाई जारी है।
इसी के तहत कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक दीपक तिवारी के नेतृत्व में विभाग की टीम ने पाटन क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की जांच की। रानीतराई क्षेत्र में अवैध उत्खनन की मिल रही शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र से खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की जांच की गई।
इस दौरान दो वाहनों में बिना रायल्टी पर्ची के अवैध रूप से मुरूम का परिवहन करना पाया गया। इन सभी वाहनों को खनिज सहित जब्त कर संबंधित थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़े किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक अवैध खनिज परिवहन करते पकड़े गए वाहनों में सीजी 07 बीसी 2505, सीजी 07 सीसी 3749, सीजी 04 एलजी 9378 एवं एक अन्य हाईवा वाहन शामिल हैं।
मामले में खनिज एक्ट के तहत प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।