दुर्ग

55 युवाओं का विभिन्न ट्रेडों में ट्रेनिंग के लिए किया गया पंजीयन
19-Feb-2022 3:24 PM
55 युवाओं का विभिन्न ट्रेडों में ट्रेनिंग के लिए किया गया पंजीयन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 फरवरी । 
गौठानों में इन दिनों गौठान मेला का आयोजन किया जा रहा है। गौठान मेला में महिला समूह के उत्पाद को अच्छा प्रतिसाद भी मिल रहा है। ग्राम थनौद में आयोजित गौठान मेला सह रोजगार मेला के दौरान महिला समूह द्वारा कुल 37000 रुपए का व्यवसाय किया गया। वहीं 55 युवाओं का विभिन्न ट्रेडों में ट्रेनिंग के लिए पंजीयन हुआ। जनपद पंचायत दुर्ग के ग्राम थनौद में आयोजित गौठान मेला सह रोजगार मेला के दौरान जप अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख, जनपद सदस्य हरेन्द्र घृतलहरे, सरपंच जागेश्वरी देशमुख एवं सचिव शेषनारायण चंद्रवंशी, जप के एडीईओ एवं अन्य स्टाफ के अलावा कृषि, वेटेनरी विभाग के अधिकारी, बिहान के दीदी आदि उपस्थित थे।

वहीं  रोजगार मेला के लिए 5 पीआईओ उपस्थित मौजूद थे। इसमें लगभग 55 युवाओं द्वारा विभिन्न ट्रेड की ट्रेनिंग हेतु पंजीयन किया गया जो ट्रेनिंग लेकर स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं। गौठान मेला में महिला समूहों व बिहान की दीदियों द्वारा तैयार किए गए सजावटी सामान, साबुन, फिनायल, हल्दी, मसाला, मिर्च पाउडर, पापड़, आचार, बड़ी, झाड़ू, वर्मी खाद, कपड़े जैसे सामान प्रदर्शित किए गए थे जो मेला में आए लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहा। लोगों ने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए इन उत्पादों की खरीदी भी की।

इसके अतिरिक्त मेले में खाने पीने के व्यंजन जैसे भजिया, बड़ा, गुपचुप चाट आदि का भी लोगों ने लुत्फ उठाया।
गौठान के मुर्गी का भी प्रदर्शन किया गया, जहां 200 मुर्गी की मेले के दौरान ही विक्रय किया गया। व्यंजन एवं विभिन्न प्रकार के उत्पादों को मिलाकर महिलाओं ने लगभग 37000 रुपए का विक्रय की।


अन्य पोस्ट