दुर्ग
दुर्ग, 19 फरवरी। पिछले 5 दिनों से चल रही तहसीलदारों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आज समाप्त हो गई। सभी तहसीलदार अब सोमवार से कार्य पर लौटेंगे। हड़ताल के चलते जिले में राजस्व प्रकरणों के हजारों मामले लंबित हो गए हैं। कार्यालयीन दिवस में प्रतिदिन सैकड़ों लोग तहसील कार्यालय में पहुंचते थे।
गौरतलब है कि तहसीलदार रायगढ़ स्थित अनुविभागीय राजस्व एवं तहसीलदार कार्यालय परिसर में की गई मारपीट एवं गाली-गलौच की घटना को लेकर आक्रोशित है। उन्होंने घटना को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी थी। जिसके चलते दुर्ग जिले के सभी तहसीलों के तहसीलदार भी 14 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे।
जानकारी के अनुसार जिले के सभी तहसीलों को मिलाकर प्रतिदिन 600 से लेकर 700 प्रकरण आते हैं, जिस लिहाज से पिछले 5 दिनों में राजस्व से जुड़े तीन हजार से अधिक प्रकरण हड़ताल अवधि में लंबित रह गए हैं। सैकड़ों लोगों को तहसील कार्यालयों का चक्कर काटते देखा जा सकता है। हड़ताल के चलते नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, आय, जाति एवं निवासी प्रमाण पत्र के प्रकरण सहित विभिन्न राजस्व संबंधी काम सप्ताह भर से नहीं हो पाए हैं। वहीं तहसील न्यायालय में राजस्व प्रकरणों की पेशी पर सुनवाई नहीं हो पाई है।
शनिवार एवं रविवार अवकाश होने की वजह से अब सभी तहसीलदार सोमवार को कार्य कर लौटेंगे। जानकारी के मुताबिक तहसीलदारों को सुरक्षा उपलब्ध कराने के आश्वासन पर हड़ताल समाप्त किया गया है। राजस्व सचिव द्वारा इस संबंध में सभी कलेक्टरों को आदेश जारी कर दिया गया है।