दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 18 फरवरी। शंकर पारा सुपेला में अपनी फ्रेंड की शादी में गए युवक से 4 लोगों ने जमकर मारपीट की है। बताया जा रहा है कि आरोपी बारातियों से झगड़ा कर रहे थे और जब युवक बीच-बचाव करने गया तो चारों ने मिलकर उसी की पिटाई कर दी। युवक की रिपोर्ट पर सुपेला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34 और 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
सुपेला पुलिस ने बताया कि 20 वर्षीय संतोष राम कक्षा ग्यारहवीं का छात्र है वह अपनी फ्रैंड प्रियंका की शादी मे शंकरपारा हनुमान मंदिर पास गया था। रात साढ़े 11 बजे बारातियों के साथ जयचंद, अजय साहू, सादे और श्याम वर्मा लड़ाई झगड़ा कर रहे थे। संतोष ने बीचबचाव कर उन्हें रोकना चाहा तो चारों ने एक राय होकर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपी अजय ने बाँस, जयचंद साहू ने सब्बल और सादे एवं श्याम वर्मा ने हाथ मुक्का से मारपीट की। संतोष के सिर एवं गाल में चोट आई है। देर रात उसकी रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर भिलाई नर्सिंग होम में परिजनों ने उपचारार्थ भर्ती कराया है।