दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 17 फरवरी। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के अधिकारियों के समूह ने पोटिया कला में विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन भवन का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सीएल देवांगन, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं उपकुलसचिव डॉ. राजमणि पटेल शामिल थे।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन भवन में जारी कार्य की समीक्षा करते हुए वर्तमान में लोर पर लग रहे टाइल्स तथा ग्रेनाइट के बारे में जानकारी प्राप्त की। कुलसचिव डॉ. देवांगन ने इस दौरान उपस्थित कर्मचारी एवं ठेकेदार को कार्य में गति लाने तथा निर्धारित समय सीमा में भवन निर्माण का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा के निर्देश पर किए गए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यरत ठेकेदार एवं श्रमिकों को निर्देशित किया कि विद्युत लाईन फिटिंग के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे हेतु भी कनेक्शन स्थापित करने की प्रक्रिया पूर्ण की जाए।
कुलसचिव डॉ. देवांगन ने बताया कि निर्माणाधीन भवन में उर्जा के वैकल्पिक स्त्रोत, सौर उर्जा पैनल की स्थापना एवं राशि उपलब्ध कराने हेतु विश्वविद्यालय द्वारा राज्य शासन को अनुरोध किया गया है। शासन के अनुमोदन के पश्चात विश्वविद्यालय के नवनिर्मित परिसर में ट्रांसफार्मर की स्थापना, बाउंड्रीवाल का निर्माण, लैण्डस्केपिंग स्ट्रीट लाइट की स्थापना जैसे कार्य संपादित किए जाएंगे।
डॉ. देवांगन के अनुसार नवनिर्मित भवन में विद्यार्थियों की सुविधा हेतु हर बात का ध्यान रखा जा रहा है। शुल्क अदा करने, परीक्षा फार्म जमा करने, माइग्रेशन, पात्रता, उपाधि आदि प्राप्त करने हेतु पृथक-पृथक सुविधा युक्त काउंटर बनाये जाना प्रस्तावित है। पार्किंग की व्यवस्था अंडरग्राउंड रूप से उपलब्ध रहेगी।
चार मंजिला भवन के ग्राउंड लोर में पार्किंग तथा विद्यार्थियों से संबंधित विभिन्न काउंटर निर्मित होंगे। प्रथम तल पर विद्यार्थियों की समस्याओं के निराकरण से संबंधित विभिन्न अधिकारियों के कक्ष स्थापित किए जा रहे हैं। जिससे विद्यार्थियों को नवनिर्मित भवन में किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
विश्वविद्यालय में आने वाले विद्यार्थियों, पालकों एवं अन्य आगन्तुकों के लिए सुसज्जित प्रतिक्षालय बनाये जाना भी प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा कुलपति एवं कुलसचिव तथा अन्य अधिकारियों के कक्ष निर्माण तथा लिस्ट स्थापित भी की जाएगी। कुलपति एवं कुलसचिव के कक्षों के साथ-साथ सर्वसुविधा युक्त बैठक हॉल निर्माण करने की अनुमति भी छत्तीसगढ़ शासन ने दी है। इसके अंतर्गत आवश्यक होने पर कुलपति अथवा कुलसचिव विश्वविद्यालय से जुड़े महाविद्यालय के प्राचार्यों की भौतिक रूप से उपस्थिति के साथ बैठक आयोजित कर सकते हैं।