दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 16 फरवरी। अधेड़ ट्यूशन टीचर द्वारा 15 साल की छात्रा से अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। आरोपी टीचर ने व्हॉट्सऐप पर मैसेज कर पहले छात्रा को जल्दी ट्यूशन क्लास आने के लिए कहा। जब वह पहुंची तो दरवाजा बंद कर लिया और अभद्रता करने लगा। इसी बीच अन्य छात्र-छात्रा पहुंच गए तो आरोपी ने छात्रा को छोड़ दिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक एमआईजी कॉलोनी निवासी कमलजीत सिंह (57 वर्ष) घर में ही ट्यूशन क्लासेज का संचालन करता है। उसने पढऩे वाली 15 साल की लड़की को व्हॉट्सऐप पर सोमवार को मैसेज किया और पढ़ाई को लेकर बात करने के लिए जल्दी आने को कहा। इस पर छात्रा शाम को ट्यूशन पहुंच गई।
आरोप है कि ट्यूशन टीचर कमलजीत ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और अश्लील हरकत करने लगा। इसी बीच अन्य छात्र-छात्राएं भी पहुंच गए तो आरोपी ने छात्रा को डरा धमका कर छोड़ दिया। इसके बाद छात्रा ने अपनी सहेली को इसके बारे में बताया और फिर हिम्मत कर अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई।
इस बीच घटना का पता स्थानीय लोगों को चला तो वह आक्रोशित हो गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें शांत किया। पुलिस ने बताया कि जब मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग चुका था। उसकी तलाश शुरू की गई। उसके मोहल्ले में ही छिपे होने की जानकारी मिली। इस पर पुलिसकर्मी सादी वर्दी में पहुंच गए और घेराबंदी कर आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया। उसका मोबाइल भी जब्त किया गया है। उसमें से छात्रा को पढ़ाई के अलावा भी कई मैसेज भेजे गए थे, फिलहाल आगे की जांच की जा रही है।