दुर्ग

कार में आग लगाने का बदला, हत्या कर लाश जलाई
16-Feb-2022 12:29 PM
कार में आग लगाने का बदला, हत्या कर लाश जलाई

2 गिरफ्तार, एक को बिहार से ला रही पुलिस
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 16 फरवरी।
दुर्ग में कार जलाने का बदला लेने के लिए युवक की हत्या कर लाश जला दी गई। पुलिस ने 4 महीने बाद हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। चार महीने पहले हुए इस हत्याकांड में मृतक के कपड़े, चप्पल, कलाई में बंधे धागा से बेटी ने शव की पुष्टि की गई थी। दुर्ग पुलिस ने इस अंधे हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य फरार आरोपी को भी बिहार से गिरफ्तार कर दुर्ग लाया जा रहा है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार और एक्टिवा जब्त किया है।

विदित हो कि 1 नवंबर 2021 को अमलीडीह गांव में खेत से जला हुआ शव बरामद किया गया था। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए सभी थानों को सूचित किया। इस दौरान पुरानी भिलाई में शेख मेहजुधन उर्फ टुनटुन नामक व्यक्ति की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पुलिस ने शव की पहचान के लिए परिजनों को बुलाया। मृतक के कपड़े, चप्पल, कलाई में बंधे धागा से बेटी ने शव की पुष्टि की। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुट गई थी।

 बताया गया कि शेख मेहजुधन ने एक युवक की कार जलाई थी, जिसका बदला लेने के लिए आरोपी ने 2 और लोगों के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई थी, फिर मौका मिलते ही उसका गला दबाया। इसके बाद उसकी लाश को जला दिया था। पुलिस लगातार जांच करती रही, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। इस पर पुलिस ने जिले के अलग अलग थानों में गुम इंसानों की रिपोर्ट मंगाई, तब पुलिस को अहम सुराग मिला।

पुलिस को पता चला कि पुरानी भिलाई थाना में शेख मेहजुधन (40 वर्ष) निवासी भिलाई-3 के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज है जिसका अब तक कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों से पूछताछ की। फिर शव की पहचान कराई गई। तब मेहजुधन की बेटी ने शव की पहचान अपने पिता के रूप में की थी।

 पहचान होने के बाद पुलिस ने जांच और तेज की तो पता चला कि शेख मेहजुधन का कुछ समय पहले इसी इलाके में रहने वाले मो.असरफ से विवाद किया था। विवाद की बाद दोनों में मारपीट भी हुई थी। जांच में यह भी पता चला कि शेख मेहजुधन ने 6 महीने पहले ही मो. असरफ की कार जला दी थी, जिसकी शिकायत भी असरफ ने थाने में की थी। ये पता चलते ही पुलिस ने असरफ को हिरासत में लिया। हिरासत में पूछताछ के बाद उसने अपना गुनाह कबूल किया।

असरफ ने बताया कि कार जलाने और पुराने विवाद के चलते ही उसने अपने साथी संदीप पाटिल और राहुल चौरसिया के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। सब ने 31 अक्टूबर की रात को करीब 12:30 बजे भिलाई 3 रेल पटरी के पास शराब पी। इतने में शेख मेहजुधन को वहां से जाते देखा और तय कर लिया था कि उसको उसी वक्त मार डालेंगे। इसके बाद उसे वहीं रोक लिया। फिर तीनों ने मिलकर उसका गला दबा दिया। उसकी हत्या करने के बाद आरोपी कार से उसके शव को अमलेश्वर ले गए और खेत में फेंक कर उसे जला दिया।
पुलिस ने असरफ की निशानदेही पर संदीप पाटिल को पकड़ा है, पर इस मामले में राहुल चौरसिया अभी फरार है, उसे भी बिहार से गिरफ्तार कर भिलाई लाया जा रहा है।

 


अन्य पोस्ट