दुर्ग

तहसीलदार, आरआई, पटवारी रहे हड़ताल पर, कामकाज प्रभावित
15-Feb-2022 4:10 PM
तहसीलदार, आरआई, पटवारी रहे हड़ताल पर, कामकाज प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 फरवरी।
जिले के सभी तहसील कार्यालयों के द्वार आज नहीं खुले। तहसीलदार, आरआई, पटवारी व कार्यालय के अन्य स्टाफ हड़ताल पर रहे। जिसके चलते राजस्व संबंधी सारे कामकाज दिनभर ठप रहे। इन कार्यालयों में पहुंचे लोगों को निराश लौटना पड़ा।

छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के जिला अध्यक्ष प्रकाश सोनी के नेतृत्व में हड़ताली अधिकारी कर्मचारियों ने मानस भवन के सामने दिन भर धरना प्रदर्शन किया। वहीं उनके द्वारा जिला प्रशासन को कलेक्ट्रेट पहुंच कर ज्ञापन भी सौंपा गया। जिसमें कहा गया कि रायगढ़ में न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं न्यायालय तहसीलदार रायगढ़ के परिसर के भीतर नायब तहसीलदार, लिपिक एवं भृत्य से मारपीट तथा गाली गलौज की घटना के मामले में एफआईआर दर्ज कराए जाने के उपरांत भी आरोपियों की अब तक गिर तारी नहीं हुई है।

उन्होंने कहा ज्ञापन में उल्लेखित बिंदुओं पर अभी तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण प्रदेश के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अन्य राज्य संघ, राजस्व निरीक्षक संघ, पटवारी संघ, लिपिक लघु वेतन कर्मचारी संघ, कोटवार संघ, अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन संघ सहित राज्य प्रशासनिक सेवा संघ से चर्चा एवं सहमति अनुसार सोमवार से वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं।

तहसील कार्यालय में कार्यरत सभी स्टाफ के हड़ताल पर चले जाने की वजह से कार्यालय के मुख्य द्वार का ताला भी आज नहीं खुला। जिले भर के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, आरआई, पटवारी, लिपिक एवं नृत्य मानस भवन के सामने धरना स्थल पर डटे रहे। उन्होंने उक्त घटना को लेकर आक्रोश भी व्यक्त किया।

छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के जिला अध्यक्ष के अनुसार डिप्टी कलेक्टर ने भी उनके इस हड़ताल का नैतिक रुप से समर्थन किया है।
तहसील कार्यालयों में आज विभिन्न प्रकरणों में पेशी, ला एंड आर्डर, आय, जाति, निवासी, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित राजस्व संबंधी किसी भी प्रकार के कार्य नहीं हुए, वहीं आरआई एवं पटवारियों के भी हड़ताल में शामिल रहने की वजह से स्थल जांच सहित इन कार्यालयों में राजस्व संबंधी किसी भी प्रकार के कार्य नहीं हो पाए।

तहसीलदारों के हड़ताल पर होने के कारण अतिक्रमण हटाने बेदखली की कार्रवाई भी नहीं हो सकी। तहसील कार्यालय में बड़ी संख्या में लोग पेशी एवं विभिन्न कार्यों को लेकर पहुंचे थे, जिन्हें निराश वापस लौटना पड़ा।
दुर्ग तहसील कार्यालय का मुख्य द्वार नहीं खुलने की वजह से परिसर में स्थित एसडीएम कार्यालय भी आज बंद रहे, जहां भी विभिन्न कार्यों को लेकर पहुंचे लोग भटकते रहे।


अन्य पोस्ट