दुर्ग

प्रमुख मार्ग पर 8 करोड़ से लगेगी अत्याधुनिक डिमर लाइट व हाई मास्ट
15-Feb-2022 3:34 PM
प्रमुख मार्ग पर 8 करोड़ से लगेगी अत्याधुनिक डिमर लाइट व हाई मास्ट

विधायक ने अप्रैल तक कार्य पूर्ण करने दिए निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 फरवरी।
दुर्ग शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में आगे बढ़ते हुए अब 64 करोड़ की लागत से हो रहे मुख्य मार्ग उन्नयन एवं चौड़ीकरण कार्य में 8 करोड़ खर्च कर अत्याधुनिक डिमर लाइट लगाई जाएगी। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा की पहल पर मार्ग उन्नयन के लिए राशि की स्वीकृति प्राप्त हुई थी, जिसके बाद वोरा लगातार निर्माण की गुणवत्ता एवं जनहित में विभाग की समीक्षा में जुटे हुए हैं जिसके परिणाम स्वरूप प्रकाश व्यवस्था के लिए 8 करोड़ की राशि की अतिरिक्त स्वीकृति मिली है।

लोनिवि के ई ई अजय तेम्भूरने ने जानकारी देते हुए बताया कि नेहरू नगर चौक से अंजोरा तक सडक़ चौड़ीकरण में कुल 12 करोड़ से प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, जिसमें अत्याधुनिक डिमर तकनीक के लाइट लगाए जाएंगे। जिसके अंतर्गत 276 ऑक्टागोनल पोल, 7 नग हाई मास्ट, 58 बोलार्ड एलईडी, 62 फाउंटेन एलईडी एवं मेट्रो सिटी की तर्ज पर 435 स्पाइक एलईडी लाइट से शहर को जिला मुख्यालय की गरिमा के अनुरूप जगमग किया जाएगा। विधायक वोरा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अप्रैल माह के मध्य तक प्रकाश व्यवस्था पूरी कर ली जाए। लगातार चल रहे विकास कार्य से जो सौगात जनता को मिलने जा रही है उस दौरान कहीं भी अंधेरे की वजह से दुर्घटना रोकना भी बड़ी जिम्मेदारी है वर्तमान में कई गई वैकल्पिक व्यवस्था नाकाफी है जिसके लिए लोनिवि के ई एंड एम विभाग को कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता है।

शिवनाथ पुल के दोनों ओर  सीमेंटीकरण
लगातार मिल रही जनशिकायतों से विधायक वोरा की पहल पर अब बहुप्रतीक्षित फाइव बिल्डिंग क्षेत्र की आंतरिक सडक़ों का 34 लाख की लागत से डामरीकरण किया जाएगा साथ ही प्रमुख सडक़ के बीच आने वाले दुर्ग राजनांदगांव मार्ग स्थित पुलगांव उच्च स्तरीय पुल के दोनों ओर की सर्विस लेन का भी सीमेंटीकरण प्रारंभ कर दिया गया है। पांच बंगले कार्य का विधायक ने भूमिपूजन शुरू किया।


अन्य पोस्ट