दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 फरवरी। छत्तीसगढ़ श्रमिक मंच के तत्वावधान में चंदखुरी में मनरेगा मजदूरों का दुर्ग ग्रामीण परिक्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित हुआ।
मजदूरों को संबोधित करते हुए मनरेगा मजदूर कल्याण संघ के अध्यक्ष राकेश कौशिक, पूरनलाल साहू, ढालेश साहू और हेमंत बंजारे ने मनरेगा कानून में मजदूरों के अधिकार और कर्तव्य के बारे में विस्तार से जानकारी दिया और कहा कि मनरेगा सरकारी खैरात या राहत कार्य नहीं है, बल्कि मजदूरों का कानूनी अधिकार है, गांव में ही रोजगार देकर मजदूरों को पलायन करने से रोकने के लिये अधिनियम बनाया गया है।
मनरेगा मजदूरों को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ श्रमिक मंच के अध्यक्ष एड. राजकुमार गुप्ता ने क्षेत्रीय विधायक और मंत्री ताम्रध्वज साहू को निशाने में लेते हुए कहा कि मनरेगा कानून केंद्र के कांग्रेस सरकार ने 2005 में बनाया है, राज्य में कांग्रेस की सरकार है और मनरेगा कानून के प्रावधानों को लागू करना राज्य की कांग्रेस सरकार की जिम्मेदारी है।
मगर पंचायत सचिव और जनपद के सीईओ सार्वजनिक रूप से कहते हैं कि सभी मजदूरों को 100 दिनों का काम देना संभव नहीं है, वहीं काम की मांग करने वाले मजदूरों पर गांव का माहौल बिगाडऩे का आरोप लगाते हैं और ऐसे लोगों को जेल भेजने की धमकी देते हैं, केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की बघेल सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने आगे कहा कि बजट में 25 हजार करोड़ की कटौती करके मोदी सरकार ने संदेश दिया है कि अगले साल मजदूरों को 50 दिनों का काम देने का उनका इरादा नहीं है, बघेल सरकार ने राज्य के बजट से 50 दिन का अतिरिक्त काम देने का ढोल पीटा था किंतु पिछले साल के बजट में मनरेगा के लिये राशि का प्रावधान ही नहीं किया था। उन्होंने बघेल सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि वह बताये कि मार्च में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष में राज्य के बजट से कितने मजदूरों को और कितने दिनों का काम दिया गया है।
सम्मेलन को गायत्री साहू ने भी संबोधित किया और लता चंद्राकर ने आभार व्यक्त किया, रविवार होने के बावजूद मनरेगा मजदूरों को काम में बुलाने का कारण सम्मेलन निर्धारित समय से 3 घंटे विलंब से शुरू हुआ, सम्मेलन में चंदखुरी के अलावा आस पास के गांवों के मनरेगा मजदूर बड़ी संख्या में शामिल हुए।
ग्रामीणों की हत्या में शामिल नक्सली का समर्पण
दंतेवाड़ा, 14 फरवरी। दंतेवाड़ा में घर वापस आइए अभियान अंतर्गत नक्सलियों की घर वापसी का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में रविवार को जन मिलिशिया सदस्य ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और पुलिस उपमहानिरीक्षक, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल विनय कुमार के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
पुलिस के मुताबिक भैरमगढ़ एरिया कमेटी अंतर्गत जन मिलिशिया सदस्य मंगलू पोयाम (25) थाना भैरमगढ़ अंतर्गत ग्राम बोडग़ा ने घर वापसी की। उक्त नक्सली ग्रामीणों की हत्या में शामिल था। इनमें हिरमा कुडिय़ाम और छन्नू मुचाकी की हत्या में भागीदार था। इसके साथ ही नक्सली विचारधारा के प्रचार-प्रसार में शामिल था।


