दुर्ग

विधायक-महापौर की मौजूदगी में कलेक्टर ने सभी विभागों की ली बैठक
14-Feb-2022 2:55 PM
विधायक-महापौर की मौजूदगी में कलेक्टर ने सभी विभागों की ली बैठक

शहर के सतत विकास के लिए समन्वय स्थापित करना आवश्यक- वोरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 फरवरी।
निगम क्षेत्र में सुस्त गति से चल रहे विकास कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से आज विधायक अरुण वोरा एवं महापौर धीरज बाकलीवाल व कलेक्टर डॉ। सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे द्वारा सभी विभागों की समन्वय बैठक ली गई। जिसमें ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए निगम की अमृत मिशन योजना एवं पेयजल समस्या पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बार-बार शटडाउन की स्थिति से निपटने प पों एवं ट्रांसफार्मर की व्यवस्था मार्च मध्य तक ही पूरी करने एवं आम जनता को गर्मी में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने कहा गया।

विधायक वोरा ने कहा कि पुलगांव नाला डाइवर्सन एवं ठगड़ा बांध के काम में तेजी लाई जाए, साथ ही पटरी पार स्थित आदित्य नगर एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम का कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ करें। निगम में आम जनता से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण करने ध्यान दिया जाए। संभागीय मुख्यालय होने के कारण आसपास के क्षेत्र से लोगों का आवागमन बना रहता है। सभी विभागों को बेहतर तालमेल कर जल्द से जल्द विकास कार्यों को संपूर्णता देना आवश्यक है।

लोनिवि के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि 64 करोड़ के प्रमुख सडक़ का काम जनवरी 2023 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके अंदर सभी कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पोटिया स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इसी माह के अंत तक तैयार कर लिया जाएगा व हमर लैब का संचालन भी जल्द ही जिला अस्पताल में शुरू किया जाएगा।
वोरा ने राजीव आश्रय योजना के अंतर्गत पट्टा वितरण के कामों को भी जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि इस तरह की बैठकों से ही शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी।

कलेक्टर कार्यालय में हुए संयुक्त बैठक में मुक्तिधाम संधारण, गौरव पथ, उद्यान निर्माण, शहरी क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों की सतत निगरानी रखने शहर विकास समिति बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक के तुरंत बाद कलेक्टर श्री भूरे ने विधायक वोरा की मंशा अनुरूप अधिकारियों को साथ लेकर शहर के दौरे पर निकले एवं कई मामलों पर संज्ञान लिया।

इस दौरान निगम आयुक्त हरेश मंडावी, एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय, लोनिवि से अशोक श्रीवास, सी एस ओगरे, निगम अभियंता मोहनपुरी गोस्वामी, प्रकाश थवानी, जिला योजना एवं सांख्यिकी, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट