दुर्ग

बच्चों की सहायता से चोरी, गिरोह की सरगना महिला
12-Feb-2022 10:14 PM
बच्चों की सहायता से चोरी, गिरोह की सरगना महिला

सात आरोपियों में 3 नाबालिग भी, सामान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 फरवरी।
जिला पुलिस ने एक ऐसे चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो खुद तो चोरी करता था और बच्चों को चोरी की ट्रेनिंग भी देता रहा। गिरोह की सरगना एक महिला है। इसके साथ तीन अन्य आरोपी भी शामिल हैं। यह गिरोह परिवार के ही 3 बच्चों की सहायता से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने इनके पास से चोरी का लाखों का सामान जब्त किया है।

एसएसपी दुर्ग बीएन मीणा ने बताया कि गिरोह की मुखिया एन इमला नाम की महिला है। इसके साथ तीन अन्य आरोपी कमल कुमार, उदय किरण और कुलदीप सिंह सहित तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों ने बताया कि वह लोग छोटे बच्चों को चोरी का प्रशिक्षण देकर उनसे चोरी करवाते थे। यह गिरोह छावनी इलाक़े में सक्रिय था और सूने मकानों को अपना निशाना बनाता था। महिला चेहरे ढांककर सूने घरों की रेकी करती थी। इसके बाद चोरी करते थे। चोरी के लिए घर की तलाश करने के लिए पहले कोई सदस्य सामान बेचने, कोई घूमने का बहाने रेकी करते थे। वह लोग उस मकान व उसके आस पास आने जाने वालों पर नजऱ रखते थे। इसके बाद नाबालिग बच्चों को भेजकर छोटी से छोटी जगह से घर के अंदर भेज देते थे फिर कई बार बच्चे घर से कीमती समान निकाल लेते या अंदर से बंद दरवाजे बड़ों के लिए खोल देते। इसके बाद ये गिरोह इत्मिनान से चोरी करता रहा है।

गिरोह इतना शातिर है कि वह जिस इलाके में चोरी करता था, वहां की हर जानकारी अपने पास रखता था। जैसे ही उन्हें लगता था कि उनके इलाके में लोग उन पर शक करने लगे हैं तो वह उस इलाके को छोडक़र दूसरे इलाके में चले जाते थे। वह लोग चोरी का सामान बेचने की जगह उसे छिपाकर रखते थे। चोरी से मिलने वाले कैश से ही अपना खर्च चलाते थे।

आरोपियों के पास से जेवरात, बर्तन, एलईडी टीवी, घड़ी सहित 2 लाख से अधिक का सामान जब्त किया है। पुलिस इन आरोपियों से पिछली चोरियों की जानकारी लेने के लिए पूछताछ कर रही है।


अन्य पोस्ट