दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 फरवरी । बांध में नहाने के बाद अपनी छोटी बहन के साथ घर लौट रही पीडि़ता के साथ अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय एफटीसी नीरू सिंह ने आरोपी को धारा 354 (ख) के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास तथा 2000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। विशेष लोक अभियोजक राजेश कुमार साहू ने बताया कि 15 वर्षीय नाबालिग अपनी छोटी बहन के साथ सिकोला बांध में नहाने के बाद 21 फरवरी 2021 को दोपहर लगभग 12 बजे अपने घर आ रही थी। इसी दौरान थाना मुजगहन जिला रायपुर निवासी आरोपी सुंदर ध्रुव (19) इन दोनों बहनों का रास्ता रोका।
आरोपी ने पीडि़ता का हाथ पकडक़र कहा कि तुझसे कुछ बात करना है। जब इसका पीडि़ता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकत की। इससे पीडि़ता के कपड़े भी फट गए। शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग निकला। पीडि़ता ने इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।