दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 फरवरी। किशोरी की फोटो को सार्वजनिक करने एवं परिवार वालों को बता देने की धमकी देकर लाखों रुपए नगद एवं जेवरात वसूलने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय फास्ट ट्रैक कोर्ट नीरू सिंह की कोर्ट ने आरोपी को धारा 506 (2) के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम धारा 42 की परिप्रेक्ष्य धारा 354 (घ) के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास 2000 रुपए अर्थदंड तथा धारा 384 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास तथा 2000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेगी। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक राजेश कुमार साहू ने पैरवी की थी।राजेश कुमार साहू ने बताया कि 14 वर्ष की पीडि़ता के साथ आरोपी पिछले कई महीनों से छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दे रहा था।
आरोपी शुभम राजपूत (22 वर्ष) निवासी नयापारा वार्ड 1 किशोरी का रास्ता रोककर उसे परेशान भी करता था। उसकी किसी फोटो को सार्वजनिक करने एवं उसके परिवार वालों को बता देने की धमकी देकर आरोपी उससे नगद रकम की मांग करने लगा। डरी सहमी किशोरी उसे लगातार एटीएम से रकम निकाल कर देती रही। हमेशा आरोपी उसे डरा धमका कर रकम लेता रहता था। आरोपी ने किशोरी से लगभग 5 लाख रुपए नगद तथा लगभग 2 लाख रुपये के सोने के जेवरात ले लिए थे। जब परिवार वालों ने किशोरी के खाते की जांच की तब उन्हें पता चला कि उसने बड़ी रकम खर्च की है। पूछताछ करने पर किशोरी ने इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने कोतवाली थाना पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।