दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 फरवरी। निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का निरीक्षण कर मार्च तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण की तीव्रता के साथ ही गुणवत्ता का भी ध्यान रखें। पूरे कैंपस का निरीक्षण अधिकारी जोन आयुक्त मनीष गायकवाड, सहायक अभियंता सुनील दुबे एवं आलोक पसीने, उप अभियंता श्वेता महेश्वर के साथ करने के बाद आयुक्त ने जोन कार्यालय पहुंचकर उपस्थिति पंजी का भी निरीक्षण किया और फील्ड कर्मचारियों की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली और कार्यालयीन समय प्रात: 10 से 5.30 बजे तक का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
गौरतलब हो कि नगर निगम भिलाई में 3 शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में भवन रिनोवेशन, निर्माण, खेल सुविधा एवं अन्य आवश्यक कार्य निगमायुक्त प्रकाश सर्वे के निरंतर मानिटरिंग से युद्ध स्तर पर हो रहा है। सेक्टर 6 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में 80 लाख की लागत से छत का संधारण, तीन अतिरिक्त कक्ष निर्माण, बास्केटबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, पेंटिंग कार्य, फ्रंट व्यू, प्रवेश द्वार, प्रकाश व्यवस्था, वॉल आर्ट, लैंडफिलिंग एवं लेवलिंग, गार्डनिंग, लैंडस्कैपिंग एवं अन्य कार्य किए जा रहे हैं। वहीं खमरिया में लगभग 60 लाख की लागत से बाउंड्री वाल, प्रवेश द्वार, पार्किंग स्थल एवं अन्य कार्य किए जा रहे हैं।
प्रकाश सर्वे ने दोनों ही स्कूलों में निर्माणाधीन विद्यालय का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि टाइम डेडलाइन के अनुरूप कार्य को पूर्ण कराएं, जोन आयुक्त एवं संबंधित अभियंता इसकी मॉनिटरिंग नियमित रूप से स्वयं करें।
विदित हो कि निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे जब भी फील्ड विजिट में निकलते हैं वह जरूर मोबाइल मेडिकल यूनिट के स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हैं। उन्होंने कोहका मंगल बाजार में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर दवाइयों की जानकारी ली और किस प्रकार के मरीज ज्यादातर शिविर में आ रहे हैं इसके बारे में चिकित्सकों से पूछा।