दुर्ग

बिना अनुमति मकान-दुकान बनाने वालों से होगी टैक्स वसूली-शशि सिन्हा
10-Feb-2022 2:06 PM
बिना अनुमति मकान-दुकान बनाने वालों से होगी टैक्स वसूली-शशि सिन्हा

रिसाली एमआईसी बैठक में टैक्स वसूली पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 फरवरी।
नगर पालिका निगम रिसाली महापौर शशि सिन्हा ने निगम की आय बढ़ाने एमआईसी सदस्यों की बैठक ले टैक्स वसूली बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में हर घर और दुकान सहित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सर्वे कर ऐसे मकान व दुकानों की सूची बनाई जाए जिन्होंने बिना निगम की अनुमति के निर्माण किया है और सभी निर्माण पर टैक्स निर्धारण नए सिरे से किए जाएं। पदभार ग्रहण करने के बाद महापौर की यह पहली एमआईसी की बैठक है।

महापौर ने कहा कि वह लगातार निगम क्षेत्र का दौरा कर रही हैं। उन्होंने पाया कि कई जगह लोगों ने बिना अनुमित के अतिरिक्त निर्माण किया है। ऐसा करके वह लोग निगम को राजस्व की हानि पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 10 हजार से अधिक नल कनेक्शन हैं। इसके बाद भी अब तक जल कर का निर्धारण नहीं हुआ। जलकार्य प्रभारी चन्द्रभान सिंह ठाकुर को निर्देश दिए कि एमआईसी में प्रस्ताव पारित कर जलकर वसूली शीघ्र शुरू कराएं। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उद्यानों का रखरखाव ठीक से नहीं हो रहा है, जिम्मेदार एजेंसी को नोटिस जारी किया जाए। इसके साथ ही छोटे-छोटे गार्डन की देखरेख पार्षद की अध्यक्षता वाली समिति से करने के निर्देश दिए।

शनिचरी बाजार को व्यवस्थित करने आयुक्त आशीष देवांगन ने प्लान तैयार करने निर्देश दिए। उन्होंने सडक़ पर ठेले लगाने वालों से सख्ती से पेस आने और अधिक से अधिक जुर्माना वसूल करने कहा। आयुक्त ने कहा कि रूआबांधा मार्केट को व्यवस्थित करने का कार्य अधिकारी कर्मचारी चुनौती के रूप में लें।

समीक्षा बैठक में राजस्व विभाग प्रभारी विलास राव बोरकर ने अवैध प्लॉटिंग के विषय को प्रमुखता से रखा जिस पर आयुक्त ने कहा कि पहले राजस्व विभाग सर्वे कर चिन्हित करें कि कहां पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही है? इसके बाद रजिस्ट्री नहीं करने निगम प्रशासन पंजीयन को पत्र लिखेगा। महापौर ने लोक निर्माण विभाग, आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन प्रकरण, विद्युत व्यवस्था समेत वाहन शाखा की भी समीक्षा की है।
 


अन्य पोस्ट