दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 फरवरी। बीती रात श्याम नगर तालाब के पास एक युवक को दो लोगों ने मिलकर मारपीट की। घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
छावनी पुलिस ने बताया कि 21 वर्षीय आदित्य सिंह कल रात 10.30 बजे अपने दोस्त राज व अजय गिरी के साथ श्याम नगर होते हुए पॉवर हाउस की ओर जा रहा था। श्याम नगर तालाब के पास आसिफ व बिन्नी ने पुरानी बात को लेकर उसका रास्ता रोका और गाली देने लगे। मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आसिफ व बिन्नी ने मारपीट शुरू कर दी। हाथ मुक्का और कड़े से वार करने पर आदित्य की बाईं भौह व चेहरा में गंभीर चोट आई है। लड़ाई झगड़ा को देखकर राज और अजय गिरी डर कर मौके से भाग निकले।
घायल आदित्य ने देर रात छावनी थाना पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। छावनी पुलिस ने आरोपी आसिफ और बिन्नी के खिलाफ धारा 294, 323, और 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।


