दुर्ग

वार्ड में आओगे तो हाथ पैर तोड़ देंगे...
08-Feb-2022 12:48 PM
वार्ड में आओगे तो हाथ पैर तोड़ देंगे...

पार्षद को धमकी, जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 फरवरी।
जामुल में पार्षद को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच कर रही है।
नगर पालिका जामुल के पार्षद 46 वर्षीय राम दुलार साहू उर्फ गुल्ली पिता चैत राम साहू निवासी पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर वार्ड 14 ने पुलिस को बताया कि 5 फरवरी को सुबह गार्डन के पास आनंद उर्फ बांड, दिपांशु उर्फ टिंकू के द्वारा गाली गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी गयी थी।

पार्षद ने उस दिन की घटना को गंभीरता से न लेते हुए सोचा कि आरोपी घासीदास नगर के लडक़े हैं, जो जामुल आते-जाते हैं, इसलिए समझा कर उसने कोई एक्शन नहीं लिया, लेकिन दो दिन बाद रात पौने 11 बजे घासीदास नगर के लडक़े आनंद उर्फ बांड, दिपांशु उर्फ टिंकू के द्वारा मोबाईल से पार्षद को कॉल कर बोला कि तुम्हारे वार्ड के लडक़े मारपीट किये हैं, गार्डन के पास अभी आओ। देर रात होने की बात कह कर जब पार्षद ने गार्डन पहुंचने से मना किया तो आरोपियों ने गाली देते हुए फिर जान से मारने की धमकी देते हुए बोले कि वार्ड में आओगे तो हाथ पैर तोड़ देंगे। वार्ड में दिखाई नहीं देना, वरना जान से मार देंगे। कॉल के दौरान अन्य लडक़ों की भी आवाज आ रही थी। पार्षद ने बताया कि पिछली बार यही लोग पार्षद कार्यालय में तोडफ़ोड़ भी किये थे।

पार्षद को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी आनंद उर्फ बांड, दिपांशु उर्फ टिंकु एवं उनके अन्य साथियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 294, 34 व 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
 


अन्य पोस्ट