दुर्ग

सांसद विजय बघेल पंजाब में कर रहे हैं प्रचार
06-Feb-2022 4:35 PM
सांसद विजय बघेल पंजाब में कर रहे हैं प्रचार

सभा और बैठकों का दौर जारी, कांग्रेस छोडक़र कार्यकर्ता कर रहे हैं भाजपा प्रवेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 फरवरी।
दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल का पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में पंजाब में चुनाव प्रचार लगातार जारी है। वे वहां चुनावी सभाएं ले रहे हैं, जनसंपर्क कर रहे हैं तो वहीं पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठकें भी ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के द्वारा देश में किए जा रहे जनकल्याणकरी कार्यों तथा भाजपा के द्वारा देश को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियानों के बारे में जानकारी देकर कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का संचार किया है।

सांसद बघेल तथा हंसराज हंस ने करतारपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के प्रत्याशी सूरिंदर मेहे के चुनावी कार्यालय का भी एक समारोह में उद्घाटन किया। इस अवसर पर करतारपुर प्रत्याशी सूरिंदर मेहे, उनके बेटे गौरव मेहे, शाहिल मेहे, तथा पार्टी के जि़ला अध्यक्ष अमरजीत सिंह, सुभाष शर्मा जि़ला प्रभारी, वासुदेव प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, श्रीमती उमेश शेनाय महिला अध्यक्ष, अमरजीत अमरी देहात मंडल प्रधान, ज़समीर बिट्टो मंडल प्रधान, अशोक, रोहित, अरुणा, सोमलाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सांसद श्री बघेल ने अपने उद्बोधन में कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत हासिल करने के लिए जरूरी टिप्स दिए और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जां का संचार किया है। सांसद श्री बघेल ने वहीं जि़ला अध्यक्ष अमरिंदर सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल शर्मा, मंडल प्रभारी अर्जुन तिवारी, प्रवासी कार्यकर्ता उद्धवराम शास्त्री व अन्य कार्यकर्ताओं के साथ करतारपुर मार्केट में  सघन जनसम्पर्क करते हुए आम मतदाताओं से इस चुनाव में पंजाब के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की। श्री बघेल दूरभाष पर बताया कि पंजाब में चुनाव प्रचार के सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में यहां 8 महिलाओं सहित 23 लोगों ने कांग्रेस छोडक़र भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश किया है। आदमपुर विधान सभा क्षेत्र में पार्टी के प्रत्याशी जगदीश जसल्ल के साथ उन्होंने चुनावी बैठक ली। बैठक में पार्टी की चुनाव कार्यकारिणी समिति के गठन के संदर्भ में चर्चा की गई व वहाँ भी चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया।


अन्य पोस्ट