दुर्ग

धान बेचकर किसानों ने चुकाया 884 करोड़ कर्ज
06-Feb-2022 3:31 PM
धान बेचकर किसानों ने चुकाया 884 करोड़ कर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 फरवरी।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अंतर्गत बालोद, दुर्ग एवं बेमेतरा जिला के 263447 किसानों ने खरीफ सीजन में बैंक से ऋण लिए थे। इन किसानों द्वारा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से कुल 906 करोड़ 83 लाख 30 हजार रुपए की ऋण ली गई थी। समर्थन मूल्य पर लिंकिंग का धान विक्रय कर इनमें से 884 करोड़ 11 लाख 11 हजार रुपए का कर्ज बैंक को उन्होंने चुकाया है।

जानकारी के मुताबिक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक द्वारा किसानों को धान सिंचित के लिए प्रति हेक्टेयर 45000 एवं असिंचित के लिए 38500 रुपए की ऋण दी जाती है। इसी प्रकार चना के लिए 37000 एवं गेहूं सिंचित के लिए 30000 तथा असिंचित के लिए 22000 रुपए प्रति हेक्टेयर के हिसाब से ऋण राशि दी जाती है। कुल ऋण राशि में से 60 प्रतिशत राशि नगद एवं 40 प्रतिशत राशि सामग्री के रूप में दी जाती है।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग अंतर्गत सर्वाधिक बालोद जिले के 99183 कृषकों ने कुल 322 करोड़ 85 लाख 43 हजार रुपए की ऋण ली थी। इनमें से धान विक्रय कर इन किसानों ने 313 करोड़ 80 लाख 11000 रुपए की ऋण राशि जमा कर दी है। वहीं बेमेतरा जिला अंतर्गत 92621 किसानों ने बैंक से कुल 334 करोड़ 8 लाख 37 का कर्ज लिया था। इन किसानों द्वारा 326 करोड़ 17 लाख 68000 रुपए का कर्ज चुकाया गया है। इसी प्रकार दुर्ग जिले के 71673 किसानों ने कुल 249 करोड़ 89 लाख 50000 रुपए बैंक से कर्ज लिए थे इन किसानों के द्वारा समर्थन मूल्य पर धान विक्रय कर अब तक 244 करोड़ 13 लाख 32000 रुपए की ऋण राशि जमा की जा चुकी है।  इस प्रकार तीनों जिलों को मिलाकर कुल 22 करोड़ 72 लाख रुपए की करीब ऋण वसूली बकाया है। बैंक अधिकारियों के अनुसार उक्त राशि भी आगे की खरीदी के दौरान प्राप्त हो जाएगी।


अन्य पोस्ट