दुर्ग

भाजपा नेत्री के दरवाजे पर बरसे ईंट-पत्थर, जान से मारने की धमकी देता रहा आरोपी, एफआईआर नहीं
06-Feb-2022 12:57 PM
भाजपा नेत्री के दरवाजे पर बरसे ईंट-पत्थर, जान से मारने की धमकी देता रहा आरोपी, एफआईआर नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 फरवरी।
नगर निगम चुनाव के दौरान टिकट न मिलने पर वरिष्ठ नेताओं के सामने कुर्सी उठा कर पटकने वाली भाजपा नेत्री सुमन उन्नी के घर हमले का प्रयास किया गया है। बताया जा रहा है कि नशे में धुत एक व्यक्ति ने देर रात उनके घर में घुसने की कोशिश की। भीतर से दरवाजा बंद कर महिला नेता ने अपनी जान बचाई है। काफी देर तक आरोपी दरवाजा पीटते हुए गालियां देता रहा, फिर ईंट-पत्थर से उसने दरवाजा तोडऩे का प्रयास किया। उस समय घर में अकेली महिला ने जान बचाने के लिए डायल 112 को फोन किया। इसके काफी देर बाद पुलिस टीम पहुंची और घटनास्थल देखकर लौट गई।
महिला ने बाद में सीसीटीवी फुटेज देते हुए लिखित शिकायत भी की, पर 24 घंटे बीतने के बाद भी इस घटना की एफआईआर थाना में दर्ज नहीं किये जाने से न्याय की गुहार लगाती भाजपा नेत्री हैरान व परेशान है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हमला 4 फरवरी की रात साढ़े 8 बजे किया गया। पुलिस को सुमन उन्नी ने शिकायत में बताया कि एन. सुशीलन नाम का व्यक्ति शराब के नशे में शुक्रवार रात उनके घर पहुंचा। उस समय वह घर पर अकेली थी और दरवाजा बंद था। आरोपी ने बाहर से ईंट फेंक कर दरवाजे में मारा और गालियां देने लगा। दरवाजे पर ईंट लगने से वह काफी डर गई। सीसीटीवी कैमरे में देखा तो वह व्यक्ति लगातार ईंट पत्थर मार रहा है। आरोपी कह रहा था कि वह उसे जान से मारकर ही जाएगा। सुमन उन्नी ने डायल 112 और भिलाई नगर टीआई को फोन किया। इसके बाद रात पौने 9 बजे पुलिस की टीम पहुंची। सुमन उन्नी बाहर निकली और उसके बाद थाने जाकर मामले की लिखित शिकायत दी।

सुमन का कहना है कि कोतवाली थाना प्रभारी एमएल शुक्ला ने शिकायत ले ली, लेकिन रविवार तक न तो पुलिस ने कोई जांच की और न ही आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जबकि सुमन ने घर पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दिया है। कैमरे में साफ दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति स्कूटी से उन्नी के घर पहुंचा और उसे बाहर निकलने के लिए चिल्ला रहा है। इसके बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो वह पास पड़े ईंट और पत्थर को उठाकर कर दरवाजे पर मार रहा है। सुमन के बेटे को फोन आरोपी ने धमकी दी है, उसका ऑडियो भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को दिया गया, फिर भी एफआईआर नहीं हुई है।  
भिलाई नगर थाना प्रभारी एमएल शुक्ला का कहना है कि महिला किसी पर भी कोई आरोप लगा देती है। उसका फोन आया था तो टीम को भेजा गया। मामले की जांच की जा रही। मामला शिकायत दर्ज करने लायक होगा तो दर्ज किया जाएगा।
गौरतलब हो कि सुमन उन्नी को जब भाजपा ने टिकट नहीं दी तो उसने वरिष्ठ नेताओं के सामने कुर्सियाँ उठा कर पटक दी थीं। भाजपा के निकाय चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी पर रूपये लेकर टिकट बांटने का आरोप भी लगाया था।

 


अन्य पोस्ट