दुर्ग

इंजीनियर ने ट्रेन से कटकर दी जान
05-Feb-2022 9:22 PM
इंजीनियर ने ट्रेन से कटकर दी जान

प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए युवाओं को कर रहा था प्रशिक्षित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 फरवरी।
रेलवे क्रॉसिंग सुपेला के पास बीती रात्रि ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान भिलाई के युवा इंजीनियर दिव्यांशु दुबे के रूप में की गई है। मृतक दिव्यांशु भिलाई के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षित किया करता था।

थाना प्रभारी भिलाई नगर एमएल शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार की रात को सुपेला रेलवे क्रासिंग के समीप भट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक ने ट्रेन के समक्ष कूदकर आत्महत्या कर ली थी, उसका शव घिसटता हुआ भिलाई नगर क्षेत्र में आ गया था। जिस पर भिलाई नगर पुलिस के द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर विवेचना में लिया था। विवेचना के दौरान युवक की शिनाख्त दिव्यांशु दुबे (35 ) निवासी सेक्टर 2 के रूप में की गई है। दिव्यांशु भिलाई का एक होनहार युवा इंजीनियर था, युवक के द्वारा भिलाई के ही एक प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज से बीई मैकेनिकल इंजीनियर में डिग्री हासिल की थी। इसके पश्चात दिव्यांशु युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षित कर रहा था। हाल ही में उसका विवाह हुआ था। शुक्रवार की रात को घरेलू विवाद के पश्चात घर से निकल गया था और उसके बाद उसने यह  कदम उठाया था। श्री शुक्ला ने बताया कि घटनास्थल भिलाई भट्टी थाना होने के कारण इस मामले की विवेचना भर्ती पुलिस के द्वारा की जाएगी।


अन्य पोस्ट