दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 फरवरी। भिलाई इस्पात संयंत्र के एफटी थ्री इंस्ट्रूमेंटेशन बिल्डिंग से कूदकर ठेका श्रमिक ने खुदकुशी कर ली है। पांच मंजिला इमारत की ऊंचाई से गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भट्टी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भट्टी थाना प्रभारी बृजेश कुशवाहा ने बताया कि उतई के ग्राम खोपली निवासी रोशन कुमार (29) भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका श्रमिक था। वह बीएसपी में ठेके पर काम कर रही टेक्नोकेयर इंजीनियर कंपनी के अंतर्गत काम करता था।
रोज की तरह वह शनिवार को अपनी ड्यूटी पर गया था। दोपहर दो बजे के करीब वह पांच मंजिला इमारत एफटी थ्री की इंट्रूमेंटेशन बिल्डिंग (ऑपरेशन विभाग) के कंट्रोल रूम में बैठा था। अचानक वह वाशरूम जाने की बात कह कर बाहर निकला। इसके बाद बिल्डिंग की 5वीं मंजिल में पहुंचा और वहां से छलांग लगा दिया। इतनी ऊंचाई से गिरने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही भ_ी थाना टीआई टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया। खुदकुशी करने की सूचना मृतक के घरवालों को दे दी गई है। पुलिस खुदकुशी करने का कारण जानने के लिए उसके साथ काम करने वाले और घर वालों से पूछताछ करेगी।


