दुर्ग

बेटी पैदा हुई तो डिमांड 25 से बढक़र 40 लाख
04-Feb-2022 5:27 PM
बेटी पैदा हुई तो डिमांड 25 से बढक़र 40 लाख

शराबी पति और ससुराल से प्रताडि़त महिला पहुंचीं थाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 4 फरवरी। दुर्ग की महावीर कॉलोनी में शराबी पति ने दहेज में 25 लाख की मांग करते हुए पत्नी को प्रताडि़त करते हुए उसे और बच्ची को छोड़ दिया। बच्ची के जन्म बाद उसके पालन पोषण और अन्य खर्च के लिए ससुर ने 40 लाख की डिमांड की। शराबी पति और ससुराल पक्ष से परेशान महिला की शिकायत पर जांच के बाद महिला पुलिस ने आरोपी प्रणेश गोलछा के खिलाफ धारा 498-ए के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

महिला थाना निरीक्षक सी. तिर्की ने बताया कि 26 वर्षीय प्रिया का विवाह 27 जून 2020 को प्रणेश गोलछा पिता रमेशचंद गोलछा निवासी महावीर कालोनी दुर्ग से हुआ था। प्रिया ने बताया कि विवाह के बाद ही सास तरूलता एवं पति प्रणेश हमेशा ताने देते थे कि पैसे वाले घर की लडक़ी है, परंतु दहेज भिखारी जैसे दिये हैं, दूसरे से शादी करते तो कम से कम 25 लाख रूपये नगद मिलता। प्रणेश जानबूझकर छोटी छोटी बातों को लेकर विवाद करने लगा। वह प्रतिदिन शराब पीता और प्रिया के मना करने पर उसे पीटता था। पर्युषण पर्व के दौरान आठों दिन वह शराब के नशे में धुत्त होकर घर आता था। सास-ससुर से शिकायत करने पर वो कहने लगे कि तुम्हारा पति तुम्हारे नाम से शराब पीता है, उसे 25 लाख लाकर अपने मायके से दे दो, फिर वह तुमको कभी परेशान नहीं करेगा। सास-ससुर एवं पति ने मिलकर प्रिया के सभी सामान को एक कमरे में बंद कर दिया और सोफा झूले पर बैठने पर रोक लगा दी।

22 अक्टूबर को सास-ससुर एवं पति ने 25 लाख रूपये नहीं लाने के नाम पर खूब खरीखोटी सुनाई तो डिप्रेशन में आ प्रिया आत्महत्या करने के इरादे से रात में घर से निकल गई और बेसुध घूमते उसे पुलगांव पुलिस ने रोक कर पूछताछ की। उन्होंने फोन कर प्रिया के पिता को बुलाया और उनके साथ प्रिया मायके आ गई। मान-मनौवल कर सास-ससुर उसे फिर ले गए।

गर्भवती प्रिया के लिए पति एवं सास-ससुर खाने पीने दवाई आदि का उचित प्रबंध नहीं करते थे। 15 मई 2021 को रात्रि प्रिया ने पुत्री को जन्म दिया। उसके बाद लडक़ा पैदा नहीं सकती, कहकर पति एवं सास ससुर ताना देने लगे। ससुर ने मेरे पिता को बुलाया और कहा कि यदि तुम अपनी बेटी को वापस भेजना चाहते हो तो अब 40 लाख देकर ही भेजना, अन्यथा नहीं। मायके में रह रही प्रिया को पति फोन पर हमेशा शराब पीकर दुव्र्यवहार करते मरने मारने की धमकी देता है। प्रिया की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट