दुर्ग

चंदखुरी भाटा खार में मिला नर कंकाल शिवांश चंद्राकर का
03-Feb-2022 3:47 PM
चंदखुरी भाटा खार में मिला नर कंकाल शिवांश चंद्राकर का

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 फरवरी ।
चंदखुरी भाटा खार के किनारे 5 जनवरी को डिस्पोज हो चुका नर कंकाल मिला था। जिसकी डीएनए रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक खेत में मिले नर कंकाल के अवशेष 6 दिसंबर 2021 से चंदखुरी से लापता हुए शिवांग चंद्राकर के ही है। इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है कि मिले अवशेष शिवांग चंद्राकर के हैं। अब पुलिस हत्या का मामला मानते हुए आगे की जांच करेगी।

5 जनवरी 2022 की दोपहर को कुछ ग्रामीणों ने एक खेत में चंदखुरी भाटा खार के किनारे नर कंकाल के अवशेष को पड़े हुए देखा। मुंडी, पैर की हड्डी देख इसकी जानकारी लोगों ने पुलगांव पुलिस को दी थी। जानकारी मिलते ही मौके पर पुलगांव थाना प्रभारी नरेश पटेल पहुंच थे। नर कंकाल के अवशेष मिलने पर घटनास्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीएन मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए थे।

पुलिस ने जेसीबी बुलाकर खेत में खुदाई  करवाई। पुलिस को यहां पर नर कंकाल के कुछ हिस्से, एक घड़ी, बेल्ट व कुछ कपड़े मिले हैं। पुलिस ने मिले नर कंकाल के अंगों  को डीएनए जांच करवाने फॉरेंसिक लैब रायपुर भेजा  था।   उल्लेखनीय है कि मरोदा सेक्टर भिलाई निवासी इंजीनियर युवक शिवांग चंद्राकर (28) पिता राजेंद्र चंद्राकर 6 दिसंबर 2021 की शाम को चंदखुरी थाना पुलगांव स्थित अपने फार्म हाउस से अपने घर जाने के लिए निकला था। जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो घरवालों ने उससे मोबाइल पर संपर्क करना चाहा तो उसने फोन रिसीव नहीं किया था। रात लगभग 2 बजे के बाद से उसका मोबाइल बंद बता रहा था। 7 दिसंबर की सुबह परिवार वालों ने शिवांग के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसी दिन शिवांग की मोटर साइकिल चंदखुरी नहर के किनारे लावारिस हालत में पड़ी मिली थी।

शिवांग  की  खोज में पुलिस ने टीम भी लगाई थी तथा सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले थे परंतु शिवांग का कोई पता नहीं चला था। बाद में पुलिस ने लापता हुए शिवांग के बारे में जानकारी देने वाले को 10000 रुपए इनाम देने की घोषणा भी की थी। 5 जनवरी को खेत में मिले नर कंकाल के अवशेष लापता हुए शिवांग  चंद्राकर के है या नहीं, इसकी जांच के लिए सैंपल को फॉरेंसिक लैब रायपुर भेजा गया था। डीएनए टेस्ट कराने के लिए शिवांग के माता एवं पिता का ब्लड सैंपल भी लिया गया था।

56 दिन पुराने इस मामले में अब पुलिस को हत्या के कारणों की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंचना पड़ेगा। पुलिस शिवांग के लापता होने का मामला नहीं सुलझा पाई तो हत्या के मामले को सुलझाना कठिन चुनौती है क्योंकि हत्यारे ने पेशेवर अंदाज से और पूरी प्लानिंग कर घटना को अंजाम दिया है। देखना है कि पुलिस कब तक वारदात के तह तक पहुंच पाती है।


अन्य पोस्ट