दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 2 फरवरी। प्रथम वाहिनी पेट्रोल पम्प कर्मी से बटालियन के आरक्षक ने नशे में जमकर मारपीट की। घायल पम्प कर्मी को पुलिस ने एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल के चाचा की रिपोर्ट पर सुपेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 294, 323, 506 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
सुपेला एएसआई नीलकमल भदौरिया ने बताया कि 35 वर्षीय प्रकाश गिरी का भतीजा पंकज गिरी उनके घर में रहता है तथा प्रथम वाहिनी के पेट्रोल पंप में काम करता है। सोमवार को पंकज रोज की तरह सुबह 9 बजे प्रथम वाहिनी पेट्रोल पंप में ड्यूटी गया। रात्रि करीब 10 बजे प्रकाश गिरी को स्मृति नगर चौकी के प्रधान आरक्षक राहुल सिन्हा का फोन आया कि तुम्हारे भतीजा पंकज गिरी से आरक्षक सतीश ठाकुर ने मारपीट की है।
सूचना पर वह जब प्रथम वाहिनी के पेट्रोल पंप पहुंचा तो पंकज के चेहरे एवं हाथ में गंभीर चोट आई है। उसे एम्बुलेंस में जिला अस्पताल दुर्ग ले जाकर भर्ती कराया गया।
पंकज गिरी ने बताया कि पेट्रोल पंप में करीब 9.50 बजे आरक्षक सतीश ठाकुर ने बिना कारण के उसे गाली दी, मना किया तो मारपीट करने लगा। सतीश ने हाथ में रखे डण्डे से वार किया और जान से मारने की धमकी देने लगा। सतीश ठाकुर शराब पिया हुआ था, जिसका बटालियन के अधिकारी के द्वारा जिला अस्पताल दुर्ग में शराब पीने का मुलाहिजा भी करवाया गया है। सुपेला पुलिस ने आरोपी सतीश के खिलाफ कार्रवाई की है।