दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 फरवरी । संसद में देश की वित्तमंत्री नर्मला सीतारमण ने आगामी वित्तीय वर्ष का आम बजट प्रस्तुत किया। राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने विकासोन्मुखी और जनहितकारी इस बजट को पेश करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी और कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र को परिलक्षित करता है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2022-23 भारत को आत्मनिर्भर बनाने के साथ नए भारत के निर्माण की नींव डालने वाला बजट है। यह बजट भारत के तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को दर्शाता है तथा दूरदर्शी व आधुनिक भारत के निर्माण के मार्ग को प्रशस्त करता है। किसानों, युवाओं, गृहणियों और देश के अधोसंरचना के विकास को प्रमुख रूप से चिन्हित करने वाले इस बजट में भविष्य के भारत के निर्माण की परिकल्पना की गयी है।
बजट में किसानों व कृषि क्षेत्र के लिए किए गए इस प्रयास से देश के अन्नदाताओं व कृषि क्षेत्र को आधुनिक व आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा, वहीं आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत युवाओं को 16 लाख नौकरियां एवं मेक इन इंडिया के तहत 60 लाख नौकरियां आएंगी। यह मोदी सरकार का देश के युवाओं को रोजगार का बेहतर अवसर देने का प्रयास है। बजट को बढ़ाकर 39. 45 लाख करोड़ करना कोरोना काल में भी भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था का परिचायक है। पूंजीगत निवेश को 35 प्रतिशत बढ़ाकर 7।5 लाख करोड़ करने के लिए मोदी सरकार का अभिनंदन है। संघीय ढांचे को मजबूती प्रदान करते हुए देश के राज्यों को दी जाने वाली राशि को 15000 करोड़ से बढ़ाकर 1 लाख करोड़ करना बहुत ही ऐतिहासिक कार्य है।
डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देते हुए 75 जिलों में 75 डिजिटल बैंक स्थापित करना डिजिटल इंडिया की ओर बढ़ते कदम को मजबूत बनाता है, मोदी सरकार द्वारा कर प्रणाली को ओर सरल बनाते हुए एक नया अपडेटेड रिटर्न पेश किया गया है। जहां लोग आईटी रिटर्न दाखिल करने के 2 साल बाद अपडेटेड रिटर्न दाखिल कर सकते हैं। विश्वास आधारित सरकार के विचार का पालन करते हुए मोदी सरकार ने मिनिमम गवर्नमेंट एंड मैक्सिमम गवर्नेंस के प्रति केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है।