दुर्ग

हनुमान मंदिर बचाने विहिप ने निकाली रैली, कहा-टूटने न देंगे, जय श्रीराम गूंजा शहर
01-Feb-2022 2:22 PM
हनुमान मंदिर बचाने विहिप ने निकाली रैली, कहा-टूटने न देंगे, जय श्रीराम गूंजा शहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 1 फरवरी।
हनुमान मंदिर को बचाने के लिए सोमवार को दुर्ग में विश्व हिंदू परिषद की बड़ी रैली निकली और इस आयोजन से दुर्ग शहर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। परिषद के हजारों की संख्या में कार्यकर्ता बस स्टैंड के पास सुबह 11 बजे एकत्रित हुए और रैली निकाल मंदिर को तोडऩे के निर्णय का विरोध जताया। उनके द्वारा राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन की गलत कार्रवाई को लेकर बातें रखी गईं। यह विशाल रैली कलेक्टोरेट पहुंच समाप्त हुई।

रैली के मद्देनजर सोमवार सुबह से ही पुलिस ने भी दुर्ग शहर को छावनी में तब्दील कर दिया था। रैली में हजारों की संख्या में विश्व हिंदू परिषद के आलावा बजरंग दल और बीजेपी के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। संगठन के 11 कार्यकर्ता कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने गए। कलेक्टर ने उन्हें आश्वासन दिया कि सडक़ चौड़ीकरण के लिए जो भी काम होगा, वह न्याय संगत होगा, किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

गौरतलब हो कि सडक़ चौड़ीकरण के कार्य में आने वाले हनुमान मंदिर को बचाने के लिए आज विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और भाजपा के हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी दुर्ग की सडक़ों पर उतर गए। उनके द्वारा बकायदा हनुमान मंदिर के बगल से टेंट लगा कर एक सभा कर लोगों को संबोधित किया गया। उन्हें बताया गया कि सडक़ चौड़ीकरण के कार्य में हनुमान मंदिर ही नहीं बल्कि चर्च भी आ रहा है। इसके बाद भी शासन-प्रशासन वर्षों पुराने हनुमान मंदिर को हटाने पर लगा हुआ है। ऐसा करके हिंदुत्व की भावना को ठेस पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वह अपनी मांग को केंद्र तक पहुंचाएंगे और हनुमान मंदिर टूटने नहीं देंगे।

प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल, विहिप और भाजपा के कार्यकर्ता तख्ती बैनर लेकर दिखे। इन तख्तियों में भेदभाव नहीं चलेगा और हनुमान मंदिर को बचाव जैसी मांग लिखी गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शासन प्रशासन चाहे उनके ऊपर कितनी ही कठोर कार्रवाई क्यों न करे, लेकिन वो लोग अपनी आवाज को दबने नहीं देंगे और न ही हनुमान मंदिर टूटने देंगे।
विदित हो कि पुलगांव चौक से लेकर दुर्ग शहर होते हुए ट्रैफिक कंट्रोल तक रायपुर नागपुर हाईवे को जोड़ते हुए सडक़ चौड़ीकरण कार्य प्रगति पर है। रूट डायवर्ट करके निर्माण कार्य पिछले 6 महीनों से चल रहा है। यह मंदिर दुर्ग बस स्टैंड के पास सडक़ किनारे स्थित है। प्रशासन ने रोड चौड़ीकरण के चलते इसी मंदिर को तोडऩे का फैसला किया है, जिसका हिंदू संगठन विरोध कर रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट