दुर्ग
फिश फार्चून कंपनी के सीईओ व मैनेजर को राजस्थान जेल से पुलिस ने लाया दुर्ग
3 राज्यों में आरोपियों पर है जुर्म दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 30 जनवरी। खेत में मछली पालन कराने के नाम पर फिश फार्चून प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा 47 किसानों से धोखाधड़ी की गयी। थाना मोहन नगर में आरोपियों के विरुद्ध धारा 420, 34 कायम कर विवेचना लिया गया। आरोपी सीईओ व मैनेजर को राजस्थान के भीलवाड़ा जेल से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग, बिलासपुर एवं बालोद के किसानों से ठगी की है। तीन राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ में इनके खिलाफ अपराध दर्ज हंै।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव ने कल पुलिस नियंत्रण कक्ष में ली गई पत्रवार्ता में बताया कि 26 जनवरी को प्रार्थी देवेश कुमार चन्द्राकर ईरागुड़ा सिकोला थाना गुण्डदेही जिला बालोद के द्वारा लिखित आवेदन पेश किया गया था। जिसमें 47 पीडि़त किसानों को भी फिश फार्चून प्रोड्यूसर कंपनी गुडग़ाँव हरियाणा के प्रबंधक बृजेश कुमार, सीईओ विनय शर्मा, डायरेक्टर भरत कुमार, मनीष कश्यप, हितेश सैनी, सौरभ कुमार, मनोज त्रिपाठी, छत्तीसगढ़ राज्य के साझीदार सुधीर भण्डारी, गुलाब चन्द्राकर द्वारा पीडि़त किसानों को आधा एकड़ खेत 15 पर माह की लीज पर देने तथा 5 लाख 50 हजार रूपये व्यवसायिक क्रेडिट पर देने पर प्रतिमाह 67 हजार 500 रूपये लाभ का लालच दिखाकर मछली पालन के नाम पर पीडि़त किसानों से धोखाधड़ी कर रकम लिया गया। जिसकी थाना मोहन नगर दुर्ग में धारा 420, 409, 34 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फिश फार्चून प्रोड्यूसर कंपनी के प्रबंधक बृजेश कुमार, सीईओ विनय शर्मा एवं अन्य के विरूद्ध थाना कोहेफिजा जिला भोपाल मध्यप्रदेश में भी धारा 420, 409, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध है।
आरोपियों के वर्तमान में केन्द्रीय जेल भोपाल में निरूद्ध होना पाये जाने से वरिष्ठ अधिकारी एवं न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु दुर्ग से टीम रवाना किया गया था। जहाँ जाने पर पतासाजी किये जाने पर आरोपी भीलवाड़ा जिला जेल राजस्थान में अन्य मामले में निरूद्ध होना पता चलने पर तत्काल भोपाल से टीम जिला जेल भीलवाड़ा राजस्थान जाकर आरोपी विनय शर्मा (24) बहादुरगण जिला जर्जर हरियाणा तथा आरोपी बृजेश कुमार कश्यप (45) गुडग़ाँव हरियाणा को 27 जनवरी को फार्मल गिरफ्तार कर प्रोडक्शन वारंट में लिया जाकर थाना मोहन नगर जिला दुर्ग लाया गया है।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा, उप निरीक्षक दिनेश सोरी, प्रधान आरक्षक सत्यनारायण पाठक, आरक्षक क्रांति शर्मा, फारूख खान, अभिषेक यादव, सचिन सिंह की सराहनीय भूमिका रही।