दुर्ग

पीएचडी शोधार्थियों को छात्रवृत्ति का प्रस्ताव
29-Jan-2022 5:04 PM
पीएचडी शोधार्थियों को छात्रवृत्ति का प्रस्ताव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 जनवरी।
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्राध्यापकों हेतु लोन सुविधा, पीएचडी में अध्ययनरत शोधार्थियों हेतु छग शासन के नियमानुसार छात्रवृत्ति की सुविधा तथा दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के पद स्तर में एक ग्रेड वृद्धि किए जाने संबंधी महत्वपूर्ण प्रस्ताव विश्वविद्यालय कार्यपरिषद की आगामी बैठक में अनुमोदन हेतु रखे जाने का प्रस्ताव है। यह जानकारी हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ। अरुणा पल्टा ने गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान अपने उद्बोधन तथा नेताजी सुभाषचंद्र बोस को समर्पित उत्पादन सह विक्रय प्रदर्शनी के उद्घाटन करते हुए दी।

डॉ. अरुणा पल्टा ने संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रदशर्नी का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को उभारने के साथ-साथ उन्हें यूजीसी एवं छग शासन की मंशा के अनुसार स्टार्टअप योजना तथा स्वरोजगार की ओर अग्रसर करना है। 26 जनवरी से 31 जनवरी तक प्रतिदिन 3 से 5 बजे तक आयोजित इस प्रदशर्नी में श्री शंकराचार्य महाविद्यालय जुनवानी, स्वामी स्वारुपानंद सरस्वती महाविद्यालय हुडको भिलाई, भिलाई महिला महाविद्यालय भिलाई, साईं महाविद्यालय सेक्टर 6 तथा घनश्याम सिंह आर्य कन्या महाविद्यालय दुर्ग के विद्यार्थियों द्वारा हस्त निर्मित कलाकृतियां प्रदर्शन एवं विक्रय हेतु रखी गई है।

डॉ. पल्टा ने बताया कि विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं महाविद्यालयों से संग्रहित होकर विश्वविद्यालय में पहुंचना आरंभ हो गई है। इन उत्तर पुस्तिकाओं का शीघ्र मूल्यांकन आरंभ किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का यह प्रयास रहेगा कि 5 फरवरी से सेमेस्टर परीक्षा के परीक्षा परिणाम जारी करना आरंभ हो जाए। ध्वजारोहण तथा राष्ट्रगान के साथ आरंभ हुए इस कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ-साथ स्वामी स्वरुपानंद सरस्वती महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. हंसा शुक्ला, भिलाई महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या मदन मोहन, घनश्याम सिंह आर्य कन्या महाविद्यालय, डॉ. मृदुला वर्मा, साई कॉलेज सेक्टर 6 की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. ममता सिंह तथा प्राचार्य डॉ. डीबी तिवारी, शंकराचार्य कॉलेज की डॉ. उज्जवला भोसले, शासकीय कन्या महाविद्यालय दुर्ग की डॉ. अमिता सहगल, डॉ. रितु दुबे, डॉ. रेशमा लाकेश, डॉ. रिचा ठाकुर, कल्याण महाविद्यालय से डॉ. आरपी अग्रवाल, साई कॉलेज की डॉ. सोनल खंडेलवाल सहित अनेक प्राध्यापक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट