दुर्ग

मेटाडोर हटाने कहा तो लाठी ले मारपीट करने लगा परिवार, 4 पर जुर्म दर्ज
29-Jan-2022 2:42 PM
मेटाडोर हटाने कहा तो लाठी ले मारपीट करने लगा परिवार, 4 पर जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 29 जनवरी।
नंदिनी थाना अंतर्गत ओटेबंद में मेटाडोर खड़ी कर सडक़ जाम करने वाले को जब वाहन हटाने कहा गया तो वह दबंगई दिखाते हुए मारपीट करने लगा। इस बीच आरोपी के परिजन भी पहुँच गए और जमकर मारपीट की। नंदिनी थाना में प्रार्थी दीनाराम साहू की रिपोर्ट पर आरोपी नरेंद्र साहू, उसकी पत्नी केवरा बाई और बेटे राहुल और किरन के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

पुलिस ने बताया कि ग्राम ओटेबंद निवासी दीनाराम की मेटाडोर का ड्राइवर राजेश बंजारे दीनाराम के घर हल्टिंग करने के लिए ला रहा था, तभी नरेन्द्र साहू के घर के सामने तीन मेटाडोर रोड के अगल-बगल में खड़े होने से रोड जाम थी। राजेश बंजारे ने नरेन्द्र को अपने गाड़ी साईड करने कहा, जिससे वह नाराज होकर गाली गलौज करते हुए राजेश की मेटाडोर की चाबी निकाल लिया। खबर मिलते ही दीनाराम अपने भतीजे किशन के साथ पहुंचा तो नरेन्द्र, उसकी पत्नी केवरा बाई, पुत्र किरन और राहुल साहू भी वहां आए और चारों एक राय होकर लाठी से दीनाराम और किशन से मारपीट करने लगे। बीच बचाव करने दीनाराम का भाई कीर्तन साहू, भतीजा गोपी आए तो उनसे भी मारपीट की गयी। दीनाराम के सीना, नाक, पीठ, किशन के दाहिने हाथ एवं चेहरा में गंभीर चोट आई है।


अन्य पोस्ट