दुर्ग

शादी कार्ड बांटने बाइक से जा रहे युवक की मौत, एक घायल
28-Jan-2022 1:09 PM
शादी कार्ड बांटने बाइक से जा रहे युवक की मौत, एक घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 जनवरी।
दुर्ग में शादी का कार्ड बांटने जा रहे युवक की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई। युवक की बाइक को एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह वाहन के पिछले पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक के साथ बाइक में उसकी पत्नी की बहन भी बैठी थी, उसे भी गंभीर चोटें आई हैं।

सुपेला थाना पुलिस ने बताया कि घटना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की है। भिलाई-तीन उमदा जरवाय निवासी निर्मल यादव (40 वर्ष) अपनी पत्नी की बहन दुर्गा यादव (35 वर्ष) को बाइक पर बैठा उसे छोडऩे उसके घर तितुरडीह दुर्ग जा रहा था। निर्मल के घर में शादी होने के चलते वह कार्ड भी दुर्ग छोडऩे जा रहा था, जैसे ही वह कोसानाला के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला दूर जा गिरी और निर्मल सडक़ की तरफ गिरा जिससे वह गाड़ी के पिछले पहिया की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्गा को पेट्रोलिंग टीम ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला पहुंचाया। वहां उसका उपचार चल रहा है।
 


अन्य पोस्ट