दुर्ग

पूजा नहीं करना आता सुनकर बिफर गया पुजारी
27-Jan-2022 1:16 PM
पूजा नहीं करना आता सुनकर बिफर गया पुजारी

जजमान परिवार पर किया जानलेवा हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 27 जनवरी।
भिलाई 3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सनकी पुजारी के द्वारा अपने जजमान एवं उसके परिवार पर चापर से जानलेवा हमला कर दिया। मोहल्लेवासियों की मदद से परिवार के द्वारा पुजारी को पकडक़र डायल 112 के हवाले किया गया। रिपोर्ट के पश्चात भिलाई 3 पुलिस ने आरोपी पुजारी के खिलाफ जजमान परिवार पर जानलेवा हमला करने पर अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की है।

भिलाई 3 पुलिस के मुताबिक प्रार्थी निर्मला साहू (38) दादर रोड चरोदा अपने पति विष्णु प्रसाद, लडक़ी सुमन साहू, लडक़े जितेश साहू के साथ रहती है। घर में किराना सामान बेचने की उसकी दुकान है, जिसे वह अपने पति के साथ चलाती है। उनके पति विष्णु प्रसाद और लडक़े जितेश की तबियत कुछ दिनों से खराब थी। ग्राम दादर का रहने वाला पुजारी दीनू प्रसाद शर्मा के दुकान में किराना सामान खरीदने आने से उनका परिचय था।

 23 जनवरी को पुजारी ने दुकान में आने पर निर्मला साहू ने बोला कि तुम्हारे लडक़े का दिमाग कमजोर है, उसका दिमाग भटक रहा है। तुम्हारे यहां प्रदोष काल पड़ा है, शंकर भगवान की पूजा करानी होगी, घर में पूजा करा लो, बच्चे का दिमाग ठीक रहेगा। निर्मला ने कहा कि पति से पूछकर बताती हूं। पति से चर्चा कर घर में दीनू प्रसाद से पूजा कराने दोनों पति-पत्नी सहमत हुए।

दीनू प्रसाद ने 24 जनवरी को दोपहर 3 बजे घर में आकर बोला कि 25 जनवरी को दोपहर 12:55 बजे का मुहुर्त है। दूसरे दिन पूजा की तैयारी हुई और दीनू प्रसाद पूजा करने दोपहर में निर्मला के घर पहुंचे। दोपहर 1 बजे विष्णु प्रसाद, सुमन साहू, जितेश को बैठाकर 1 घंटे तक पूजा करवाया और दीनू प्रसाद ने बोला यह गुप्त पूजा है, किसी को मत बताना वरना पूजा खंडित हो जायेगी। आरती के बाद बोला कि एक घंटे के बाद आउंगा। दीनू प्रसाद शर्मा बाहर चला गया, उसी समय निर्मला के देवर हेमंत, देवरानी कोमल साहू पूजा समय पति से मिलने आये, वो भी कुछ देर घर में बैठ कर चले गए।

इसके एक घंटे के बाद में 3 बजे दीनू प्रसाद शर्मा थैला लेकर आए और फिर घर में पूजा के लिये बैठ गए। तब निर्मला के पति ने कहा कि आपको पूजा कराना नहीं आता है। उसी बात से दीनू प्रसाद शर्मा गुस्सा हो गए और अपने साथ लाए थैला से लोहे के चापड़ को बाहर निकाला और विष्णु प्रसाद के सिर पर वार कर दिया। विष्णु के सिर से खून निकलने लगा तो दोनों बच्चे बीच बचाव करने लगे तो उन पर भी हमला कर दिया, जिससे निर्मला साहू के गले के पीछे हाथ में, लडक़ी और लडक़े के सिर में चोट आई है। तभी चीख पुकार सुन पड़ोस के लोग आए और दीनू प्रसाद शर्मा को दौड़ाकर पकड़े।

मोहल्ले के लोगों के फोन करने पर डायल 112 टीम पहुँची और घायलों को सन शाइन अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। निर्मला साहू की  रिपोर्ट पर आरोपी पुजारी दीनू प्रसाद शर्मा के खिलाफ भादवि की धारा 307 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया।
 


अन्य पोस्ट