दुर्ग

दुर्ग में कोरोना से 4 मौतें, 3 ने नहीं लगाई थी वैक्सीन
25-Jan-2022 4:23 PM
दुर्ग में कोरोना से 4 मौतें, 3 ने नहीं लगाई थी वैक्सीन

भिलाई नगर, 25 जनवरी। जिला दुर्ग में कल 780 नए संक्रमित मरीज मिले हैं और चार लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई है, जबकि 952 संक्रमित मरीजों ने स्वस्थ होकर वापसी की है। मरने वाले चार मरीजों में तीन के द्वारा वैक्सीन नहीं लगवायी गयी थी। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान के लिए विभिन्न जांच केंद्रों से कुल 2909 सैंपल एकत्रित किए गए थे, जिसमें से 780 की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। सोमवार को इलाज के दौरान चार संक्रमित मरीजों की मौत भी हुई है। चारों मृतक में से तीन के द्वारा वैक्सीन नहीं लगाई गयी थी। इसके आलावा मरने वालों में एक 28 वर्षीय युवक भी शामिल है, जबकि तीन अन्य की आयु 60 वर्ष से अधिक की है।

सोमवार को 952 संक्रमित मरीजों ने स्वस्थ होकर वापसी की है। इसके विपरीत कल जिले में कोरोना संक्रमण की दर बढक़र 26 प्रतिशत हो गई है अर्थात प्रत्येक 100 सैंपल की जांच में 26 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हो रही है। डॉक्टर ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी से बचाव का एकमात्र साधन वैक्सीनेशन है, इसलिए बचे हुए लोगों को शीघ्र से शीघ्र अपने समीप केंद्र में जाकर कोविड-19 वैक्सीन अनिवार्य रूप से लगाना चाहिए तभी इस महामारी से बचाव संभव है।


अन्य पोस्ट