दुर्ग

शादी में डांस करते पैर लगने पर कई ने मिल कर बेहोशी तक लडक़े को पीटा
20-Jan-2022 4:27 PM
शादी में डांस करते पैर लगने पर कई ने मिल कर बेहोशी तक लडक़े को पीटा

भिलाई नगर, 20 जनवरी । मरोदा में विवाह समारोह में डांस करते समय पैर लग जाने से उपजे विवाद में कई ने मिलकर एक लडक़े पर जमकर लात-घूंसे चलाए, जब वह अचेत हो गिर गया तो सभी वहाँ से भाग गए। घायल को रात में ही दुर्ग अस्पताल उपचारार्थ भर्ती कराया गया है। नेवई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

पुलिस के अनुसार मरोदा एचएससीएल कालोनी निवासी 56 वर्षीय राजेन्द्र नायक को मोहल्ले के लडक़े लुकेश ठाकुर ने बताया कि उनका बेटा अनिल नायक अरूण किराना दुकान रोड पर बेहोश पड़ा है। कुछ लडके के साथ उसका झगड़ा मारपीट हुई है। राजेन्द्र अपनी पत्नी और बेटियों के साथ मौके पर गए तो वहां अनिल अचेत अवस्था में घायल पड़ा था। राजेन्द्र ने डायल वाहन 112 को फोन किया और कुछ समय बाद ऐम्बुलेंस 108 के से अनिल को जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया। होश आने पर अनिल ने बताया कि मोहल्ले में किसी के घर शादी हो रही थी, वहां डांस करते समय एक-दूसरे का पैर लग जाने की बात को लेकर जितेन्द्र साहू, भोला राजपूत, राजा एवं उनके दोस्तों ने मिलकर उसे मारा है। राजेन्द्र की रिपोर्ट पर जितेन्द्र साहू, भोला राजपूत, राजा एवं उनके अन्य साथियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 के तहत अपराध दर्ज किया है।
 


अन्य पोस्ट