दुर्ग

10 हैचरी से सस्ते दर पर उपलब्ध हो रहे हैं मछली बीज, 18 गौठानों में हो रहा मछली पालन
15-Jan-2022 6:16 PM
10 हैचरी से सस्ते दर पर उपलब्ध हो रहे हैं मछली बीज, 18 गौठानों में हो रहा मछली पालन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 15 जनवरी। मत्स्य पालन वर्तमान में एक लोकप्रिय व्यवसाय के रूप में उभर रहा है और जिले की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बना रहा है। जिले में मत्स्य बीज के लिए 10 हैचरी स्थल जिससे अन्य राज्य जैसे पश्चिम बंगाल जिसपर हम मत्स्य बीज के लिए हम निर्भर रहते थे। उनसे हमारी निर्भरता नगण्य हो गई है और जिले में ही सस्ते दरों पर मछली  बीज प्राप्त हो रहे हैं जिनका बाहरी मार्केट में विक्रय भी किया जा रहा है। मत्स्य विभाग के द्वारा संचालित नवीन योजनाओं बायोफ्लोप फिश फार्मिंग, आरएएस सिस्टम,  नील क्रांति योजना और जिले में निर्मित निजी क्षेत्र के तालाबों से आज जिले में मछली की उत्पादन क्षमता 2800 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर से बढक़र 4000 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर हो गई है अर्थात प्रतिदिन 1200 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की बढ़ोतरी हुई है। जिले में हाइजेनिक मार्केट भी बनायें गये है, जिसमें थोक और फूटकर दूकानदारों के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है। आज जिले से प्रतिदिन 12 मेट्रिक टन मछलियां प्रदेश के अन्य जिलों जैसे रायपुर, राजनांदगांव, बेमेतरा, बालोद और कवर्धा व देश के विभिन्न प्रदेश जैसे मध्यप्रदेश, उड़ीसा में भी भेजा जा रहा है।

जिले के युवा और किसान आज बड़े स्तर पर मत्स्य पालन का कार्य कर रहे है। शासन की मंशानुरूप गौठानों के अंदर भी मछली पालन का कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत दुर्ग जिले में 18 गौठानों में मछली पालन का कार्य किया जा रहा है और आने वाले समय में चंदखुरी का गौठान भी मछली पालन के लिए  तैयार हो रहा है। अपेक्षाकृत कम लागत में भी मत्स्य पालन से अधिक आय प्राप्त होती है इसलिए मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभाग में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है। कृषको द्वारा मौसमी तालाबों का उपयोग कर जिले में 102 सहकारी समितियां और 56 मछुवा समूह मछली पालन के लिए पंजीकृत है। वर्तमान में 83 मछली पालन के लिए इच्छुक व्यक्तियों को केसीसी से लाभान्वित किया जा रहा है। इसके साथ-साथ वर्तमान में खनिज मद और विभागीय अभिसरण से मनरेगा के तहत 1000 डबरियों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिसमें शीघ्र ही मछली पालन का कार्य किया जाएगा। 

सस्ते दर पर उपलब्ध कराई जा रही है मछली बीज

वर्तमान में जिले में मत्स्य बीज उत्पादन के लिए 10 हैचरी स्थल है जिसमें एक मत्स्य विभाग, एक मत्स्य महासंघ और आठ निजी क्षेत्र द्वारा संचालिल किये जाते है। जिले के मत्स्य पालकों को इन हैचरी के द्वारा सस्ते दरों पर मत्स्य बीज उपलब्ध कराये जा रहे है।  इससे पहले मत्स्य बीज के लिए ज्यादा कर मत्स्य पालक पश्चिम बंगाल पर निर्भर थे परंतु जिले में हैचरी के लिए लिये गये कदमों से अब ये मछली बीज जिले में ही प्राप्त हो रहे है। हैचरी में एक से डेढ़ महीने में मत्स्य बीज तैयार हो जाते है। इसके लिए स्पान भी तैयार किया जा रहा है। वर्तमान में मत्स्य पालकों को लगभग 250 रुपये प्रति किलो मत्स्य बीज की दर से मत्स्य बीज उपलब्ध हो रहा है। जिले में लगभग मछली बीज उत्पादन में अग्रणी और आत्मनिर्भर है।


अन्य पोस्ट