दुर्ग

पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, जुर्म दर्ज
12-Jan-2022 4:51 PM
पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, जुर्म दर्ज

दुर्ग, 12 जनवरी।  फैक्ट्री में ही कार्य करने वाले मजदूर के साथ मारपीट करने से मना करना प्रार्थी को भारी पड़ गया। आरोपियों ने प्रार्थी की जमकर पिटाई कर दी। प्रार्थी की शिकायत पर उतई पुलिस ने आरोपियों  के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी राम आशीष सखी आनंदम फैक्ट्री महका खुर्द में मजदूरी का काम करता है। 9 जनवरी की रात को वह फैक्ट्री के अंदर अपने साथी संपत तथा अन्य लोगों के साथ काम कर रहा था। तभी पहंडोर निवासी आरोपी गगन, भोला एवं उसके अन्य साथी पुरानी रंजिश की बात को लेकर संपत को मारने के इरादे से  फैक्ट्री के सामने आए थे। इस पर प्रार्थी राम आशीष ने उन्हें मारपीट करने से मना किया। आरोपियों ने गाली-गलौज एवं  विवाद करते हुए कहा कि तू कौन होता है बीच-बचाव करने वाला कहकर आरोपियों ने राम आशीष को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ मुक्के एवं लाठी डंडे से मारपीट की। इससे प्रार्थी के हाथ, पीठ,   सिर आदि में चोट आई।

ठोकर से मोटरसाइकिल सवार घायल
दुर्ग, 12 जनवरी। कार चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए प्रार्थी की मोटर साइकिल को ठोकर मार दी। इससे प्रार्थी के हाथ, सिर आदि में चोटें आई। उसे तुरंत जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। बैजनाथ पारा निवासी नल कुमार गुप्ता की जिला अस्पताल दुर्ग के सामने जूस की दुकान है। 9 जनवरी को वह अपने घर से मोटरसाइकिल  में सवार होकर मिलपारा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सीता राइस मिल मिलपारा दुर्ग के पास कार के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए विपरीत दिशा से आकर मोटरसाइकिल को ठोकर मार दी।
 


अन्य पोस्ट