दुर्ग

लाकडॉउन की अफवाह फैलाई तो होगी कार्रवाई
11-Jan-2022 4:12 PM
लाकडॉउन की अफवाह फैलाई तो होगी कार्रवाई

दुर्ग, 11 जनवरी।  कोविड संक्रमण की स्थिति को देखते हुए, कतिपय अराजक तत्वों द्वारा लाकडाउन की अफवाह फैलाई जाने की आशंका जिला प्रशासन को है। ऐसे में इस तरह की अफवाहों पर नजर रखने एवं कड़ी कार्रवाई कर ऐसे तत्वों को दंडित करने के निर्देश कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने दिये है। उन्होंने कहा कि इस तरह से अफवाहें फैलाकर नागरिक समुदाय को भ्रमित करने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी करने वाले कतिपय असामाजिक तत्वों द्वारा भी इस तरह की अफवाह फैलाई जाती है ताकि स्थिति का लाभ उठाया जा सके।

डॉ. भुरे ने अधिकारियों को बाजार की भी सख्त मानिटरिंग करने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि कही भी कालाबाजारी की सूचना मिलती है तो अधिकारी संबंधित स्थल पर पहुंचकर जांचकर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी दंडनीय अपराध है। कुछ लोग परिस्थितियों का अनुचित लाभ उठाकर मुनाफा कमाना चाहते है। ऐसे लोगों पर प्रशासन की नजर रहेगी और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रतियोगी परीक्षाओं की कक्षाएं 13 से
दुर्ग, 11 जनवरी।  जिले के युवाओं के लिए प्रशासन द्वारा संचालित नि:शुल्क कोचिंग 13 जनवरी से प्रारंभ होने जा रही है। जिसमें चयनित आवेदकों के लिए दो बेच का गठन किया गया है। क्रमांक 1 से 50 तक के  प्रतिभागियों के लिए प्रात: 8 से 12 बजे तक समय एवं क्रमांक 51 से 100 तक के प्रतिभागियों के लिए दोपहर 1 से 5 बजे तक का समय सुनिश्चित किया गया है। कोचिंग कक्षाएं जेआरडी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गांधी चौक दुर्ग में आयोजित की जाएगी।
 


अन्य पोस्ट