दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 10 जनवरी। जिले में कस्टम मिलिंग के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा धान उठाव पर जोर दिया जा रहा है। कस्टम मिलिंग के लिए मिलर्स अब तक 10 लाख 68 हजार क्विंटल धान का उठाव कर चुके है। मिलिंग पश्चात मिलर्स द्वारा अब तक 2 लाख 57 हजार 421 क्विंटल कस्टम मिलिंग का चावल भी जमा किया जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक जिले में धान की कस्टम मिलिंग के लिए कुल 130 मिले पंजीकृत है। इनमें से 129 के द्वारा उपार्जन केन्द्रों से कस्टम मिलिंग के लिए धान उठाव किए जा रहे हैं। जिले में कस्टम मिलिंग के लिए पंजीकृत मिलो की मासिक मिलिंग क्षमता 22 लाख 18 हजार 360 क्विंटल की है। धान उठाव के लिए अब तक 12 लाख 67 हजार 60 क्विंटल का डीओ जारी किया जा चुका है। मिलर्स द्वारा आवेदित 20000 क्विंटल धान का डीओ जारी होना शेष है। जिले के मिलर्स द्वारा अब तक उपार्जन केन्द्रों से कुल 10 लाख 68 हजार 160 क्विंटल धान का उपार्जन केन्द्रों से उठाव किए जा चुके हैं। कस्टम मिलिंग पश्चात नान सेंट्रल को 4017 क्विंटल एवं नॉन स्टेट को 3812 क्विंटल चावल जमा किया जा चुका है। वहीं इन मिलर्स द्वारा एफसीआई में अब तक कस्टम मिलिंग का 2 लाख 49 हजार 591 क्विंटल चावल जमा किए जा चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक मिलर्स को कस्टम मिलिंग के लिए उपार्जन केन्द्र्रों से ज्यादा से ज्यादा धान का उठाव करने के निर्देश दिए गए हैं। वही उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी के लिए मिलर्स से भी बारदाने लिए जा रहे हैं। दुर्ग जिला केंद्रीय सहकारी बैंक क्षेत्र अंतर्गत मिलर्स अब तक कुल 67 लाख 13 हजार 724 बारदाने उपलब्ध करा चुके हैं। इनमें सबसे अधिक दुर्ग जिले में 30 लाख 58 हजार 300 बारदाने मिलर्स के द्वारा प्रदाय किए गए हैं। वहीं बालोद जिले में 23 लाख 58 हजार 381 एवं बेमेतरा जिले में 12 लाख 97 हजार 25 बारदाने मिलर्स द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।