दुर्ग
वैक्सीन सेंटर चालू करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 जनवरी। कोरोना वायरस से वयस्कों के बाद बच्चों को भी बचाने 3 जनवरी से प्रारंभ किए गए 15 से 18 वर्ष के बच्चों के टीकाकरण मे खामियों को लेकर जिला भाजपा वैक्सीनेशन प्रभारी व जिलामंत्री दिनेश देवांगन के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने जिलाधीश के नाम तहसीलदार सिद्धार्थ शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर बच्चों के वैक्सीनेशन मे विसंगतियों पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए केवल स्कूली बच्चों को टीका लगाने के बजाए शाला त्यागी बच्चे व पढ़ाई छोड़ चुके स्लम एरिया के बच्चो सहित सभी वर्ग के किशोरों के लिए कामन वैक्सीन सेंटर चालू करने की मांग कि है। इस अवसर पर मंडल भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर चंद्राकर, दीपक चोपड़ा,आई टी सेल संयोजक राजा महोबिया,जिला भाजयुमो अध्यक्ष नितेश साहू,मंडल महामंत्री विजय ताम्रकार, कृष्णा निर्मलकर विश्वनाथ देशमुख प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन को बच्चों के वैक्सीनेशन में खामियों लेकर जानकारी देते हुए भाजपा के टीकाकरण प्रभारी व जिला भाजपा मंत्री दिनेश देवांगन ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस से वयस्कों के जीवन बचाने 140 करोड़ से अधिक डोज उपलब्ध कराने के बाद नए साल में कोरोना कि तीसरी लहर से बच्चों के भी जीवन सुरक्षित रखने देशभर में 3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष के बच्चों के लिए भी टीकाकरण चालू कराए है, किंतु यहां दुर्ग जिले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कि शासन काल में स्वास्थ्य विभाग महकमा बच्चों को टीका उपलब्ध कराने में भी भेदभाव कर रही है, क्योंकि वर्तमान में स्कूलों में चल रही टीकाकरण कार्य में केवल उक्त स्कूल में पढऩे वाले बच्चे को ही टीका लगाया जा रहा है, जबकि अन्य वर्ग के बच्चे जिसमें स्लम एरिया के पढ़ाई छोड़ चुके बच्च,े अन्य स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को वैक्सीन की डोज लगाने के बजाय उन्हें वापस लौटाया जा रहा है।
इसी प्रकार कालेजों में प्रथम वर्ष के सैकड़ों छात्रों छात्राएं जो कि 18 वर्ष पूर्व कि आयु के है वे भी टीका लगवाने भटक रहे है। अभी कोरोना कि तीसरी लहर चालू हो गई है और विशेषज्ञों व डॉक्टरों ने छोटे बच्चो को ज्यादा खतरा बताया है तो ऐसे में केवल निर्धारित तिथि व स्कूल में उक्त दिवस केवल उसी स्कूलो के बच्चों को टीका लगाने की नीति से अन्य वर्ग बच्चे वैक्सीन के डोज लगवाने से वंचित हो रहे है।