दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 जनवरी। राज्य में एक बार फिर कोरोना की तीसरी लहर के चलते आम जनता व व्यापारियों में लॉक डाउन होने की अफवाह जमकर फैलने लगी हैं। जिसके चलते छोटे दुकानदार पान मसाला, गुड़ाखू, तंबाकू, सिगरेट सहित विभिन्न रोजमर्रा के सामानों की जमाखोरी व कालाबाजारी शुरू कर दिए हैं। ज्ञात हो कि छग राज्य सरकार ने लगातार कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोरोना गाईडलाईन के तहत दुकान खोलने व बंद करने समय निर्धारण की जवाबदारी जिला कलेक्टरों को सौंपी है।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए व्यापारियों पर जिला प्रशासन व खाद्य विभाग का नियंत्रण नहीं होने के कारण आम जनता अधिक दामों पर सामान खरीदने मजबूर हो रहे हैं। व्यापारीगण खाद्य पदार्थों की कृत्रिम कमी पैदा कर नशीले पदार्थों पान मसाला, गुटखा व गुड़ाखू व रोजमर्रा की जरुरत मद वस्तुएं को दूगुने से भी ज्यादा दामों में बेच रहे हैं। कोरोना का पिछले समय की तरह इस बार भी अधिक से अधिक आर्थिक फायदा उठाना चाह रहे हैं।
पूर्व पार्षद विनोद ताम्रकार ने जिलाधीश से मांग की है कि आवश्यक खाद्य सामग्री व रोजमर्रा के वस्तु के मूल्यों में भारी बढ़ोतरी आई है एवं थोक व चिल्हर दुकानदारों द्वारा मूल्यवृद्धि की जा रही है। आम उपभोक्ता लॉकडाउन से भयभीत अधिक मूल्यों पर अपनी जरूरत की वस्तु खरीदने बाध्य हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में गुड़ाखू, गुटखा व मान मसाला व विभिन्न सामानों को ज्यादा से ज्यादा दामों पर बेच रहे हैं। कार्रवाई की मांग करने वालों में श्याम शर्मा, रामकुमार ठाकुर, विष्णु साहू, विनोद मून, शिवराज राऊत, राजेन्द्र यादव, नरेन्द्र ताम्रकार, सकल ताम्रकार, कुंदन यादव, राजेश आदि शामिल हैं।