दुर्ग

स्टेट बैंक क्रेडिट कार्ड से अनाप-शनाप राशि कटी
07-Jan-2022 8:31 PM
स्टेट बैंक क्रेडिट कार्ड से अनाप-शनाप राशि कटी

   ब्रांच में शिकायतें लेकर भटक रहे खाताधारी   

सेक्टर-1 ब्रांच में हंगामा, पुलिस हस्तक्षेप बाद बना काउंटर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 जनवरी।
स्टेट बैंक से मिले क्रेडिट कार्ड के बिना एक्टिवेट हुए लोगों के खातों से अनाप-शनाप राशि कटने से परेशान दर्जनों खाताधारियों ने सेक्टर-1 ब्रांच में आज जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस हस्तक्षेप बाद काउंटर बना लोगों की शिकायत ली गयी है।

 हैरत की बात यह है कि शिकायत लेकर पहुंचे कई ग्राहक डोंगरगढ़, बालोद, खुर्सीपार, भिलाई-3, जामुल, कैम्प एरिया शाखा के खाताधारी हैं जिनके खाता से क्रेडिट कार्ड सर्विस, इंस्टालेशन, ऐनुअल फीस सहित पूर्व बकाया के नाम पर डेढ़ हजार रूपये से लेकर 8 लाख तक की रकम काट ली गयी है।

प्रदर्शनकारियों ने जब प्रबंधक को घेरा तो उन्होंने कहा कि क्रेडिट कार्ड सर्विस मैनेजर अलग हैं जो माह में एक दिन आते हैं, उन्हीं से शिकायत करें। इससे ग्राहक और भडक़ गए, जिन्हें शांत करने पुलिस बुलानी पड़ी।

शिकायतकर्ता रेलवे कर्मी डोंगरगढ़ बसंत पटनायक ने बताया कि 2017 में क्रेडिट कार्ड उनके घर भेजा गया। तब से उन्होंने उस क्रेडिट कार्ड का उपयोग नहीं किया लेकिन पिछले चार वर्ष में लगभग 8 लाख रूपये उनके खाता से काट लिया गया है। अनेक शिकायतों पर आश्वासन मिला कि रूपये वापस आ जायेंगे मगर आज तक नहीं आए। अन्य एसबीआई खाताधारी देवगिरी गोस्वामी ने बताया कि 14 दिसंबर को अचानक उनके खाते से 20 हजार 68 रूपये,  11 नवंबर को 1252 और 12 अक्टूबर को 1212 रूपये कट गये हैं। तीन वर्ष में लगभग 30 हजार का नुकसान उन्हें हुआ है।

कसारीडीह दुर्ग गंजपारा ब्रांच के खाताधारी जयकुमार ध्रुव के खाते से तीन वर्ष में 80 हजार काटने के बाद भी 24 हजार बकाया बता रहा है जबकि क्रेडिट कार्ड आज तक उन्होंने यूज ही नहीं किया।

खुर्सीपार निवासी कैंप एरिया खाताधारी सुमन सिंह 2012 में क्रेडिट कार्ड का 23 हजार रूपये जमा कर सेटलमेंट करवाते हुए कार्ड डिएक्टीवेट करवा दिया था। मगर कई साल से उन्हें 34 हजार 672 रूपये का बकाया जमा करने लगातार नोटिस भेजा जा रहा है।

गुंडरदेही से आए एसबीआई खाताधारी गेंदराम देवांगन न7 कार्ड एक्टिवेट किया ही नहीं और 10 हजार उनके खाता से कट गया। शिकायत के लिए हाउसिंग बोर्ड शाखा भिलाई जाने कहा गया। वहाँ उन्हें क्रेडिट कार्ड का 7 हजार 485 और जमा करने कहा गया है।

 डॉ. सरनम गुप्ता ने बताया कि अक्टूबर 2021 में उनके घर एसबीआई ने क्रेडिट कार्ड भेजा, जिसे आज तक उन्होंने एक्टिवेट नहीं किया लेकिन नवंबर में 600 और 13 दिसंबर को 3 हजार रूपये खाता से काट लिया गया है। बैंक ने बताया कि ऐनुअल फीस 600 और 3 हजार मेम्बयशिप फीस है।

सुपेला शाखा की खाताधारी रानी ठाकुर का कार्ड बिना उनसे पूछे अगस्त 2021 में घर पर भेज दिया गया। उसे डिएक्टीवेट करने एसबीआई में आवेदन दिया तो दो माह से 550-550 रूपये डिएक्टिवेशन चार्ज काट लिया गया।

सेक्टर-1 एसबीआई में कतार लगाए मोहनलाल साहू, भोजराम सिन्हा, अभिषेक साहू, भाईलाल साहू, विनय जैन, पुष्पा जैन, सुमन सिंह, प्रेम कुमार मेहता, देवगिरी गोस्वामी, सुकृत दास, परमेंद्र मल्होत्रा, राकेश ठाकुर, राकेश देवांगन, भगवा राम साहू, शाहिदा, युवराज, अनुसुइया, गेंद राम देवांगन के खातों से भी मनमाने रकम काट ली गई है।

मनोज ठाकरे ने बताया कि एसबीआई जबरन लोगों को फोन कर उनके पते पर क्रेडिट कार्ड भेज रही है और उनके खातों से धड़ल्ले से रूपये काट लिये जा रहे हैं। कई खाताधारियों ने बैंक बैलेंस कम रखा तो उनके घर बकाया का नोटिस भेज दिया जा रहा है। और तो और फाइनेंस के समय ऐसे ग्राहकों का क्रेडिट स्कोर बुरी तरह प्रभावित कर दिया गया है इसलिए वो कहीं से ऋण भी नहीं ले सकते। क्रेडिट स्कोर दुरूस्त करने जब वो एसबीआई शिकायत लेकर पहुंचते हैं तो बैंक अधिकारी उन्हें रायपुर या दूर की शाखाओं में सम्पर्क करने कह देते हैं। वर्षों से लोग एसबीआई की इस धोखाधड़ी का दंश झेल अलग अलग ब्रांच में शिकायत लेकर चक्कर काट रहे मगर एसबीआई शाखा प्रबंधक क्रेडिट कार्ड की शिकायत लेने की बजाय कह रहे कि यह सेक्टर उनके अधिकार क्षेत्र का नहीं।

खाता से लगातार रूपये कटने से परेशान खाताधारियों ने कहा कि एसबीआई ब्रांच ने काउंटर तो खोल के रखे हैं लेकिन शिकायत लेने के लिए कोई भी संबंधित अधिकारी उस शाखा में मौजूद ही नहीं है। पूरे जिले भर से आए लोगों को कभी रायपुर कभी भिलाई की बड़ी ब्रांच जाने कहा जाता है। जहां शिकायत प्राप्त करने वाला अधिकारी मिलता ही नहीं है। आज एसबीआई के सामने प्रदर्शन कर रहे लोगों ने शिकायत कलेक्टर दुर्ग से भी की है।

एसबीआई सेक्टर-1 शाखा प्रबंधक स्वप्निल वाल्दे ने बताया कि क्रेडिट कार्ड के संबंध में बैंक में कोई अधिकारी नहीं होता। रायपुर की जयस्तंभ शाखा में तथा अन्य ब्रांच में शुक्रवार के दिन क्रेडिट कार्ड स्टेट हेड जाते हैं, केवल उन्हीं से शिकायत की जा सकती है।

आज हंगामा के बाद ब्रांच पहुंच स्टेट हेड सूरज सिंह ने कहा कि शिकायत टोल फ्री नंबर या ईमेल आईडी पर ही की जा सकती है। बिना पिन जनरेट किए क्रेडिट कार्ड से भी रुपए काट लिए गए हैं, इसकी जांच की जाएगी।


अन्य पोस्ट