दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 6 जनवरी। शराब के नशे में गाली गलौज कर रहे युवक पर चाकू से गंभीर वार कर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल की कोर्ट ने आरोपी रविशंकर यादव को धारा 307 के तहत 7 वर्ष कठोर कारावास तथा 5000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है।
अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक सत्येंद्र सिंह ठाकुर ने पैरवी की थी। सत्येंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि 22 अक्टूबर 2019 की शाम को 4.30 बजे कैलाश नगर दुर्गा मंच के पास वार्ड नंबर 19 में करण यादव अपने दोस्त भोज राम यादव, शिव यादव के साथ खड़ा बातचीत कर रहा था। करण यादव शराब के नशे में था और वह गाली गलौज कर रहा था।
इसी दौरान आरोपी रविशंकर की बहन रोड की तरफ से जा रही थी। इसके बाद आरोपी रवि शंकर (25 वर्ष) निवासी कैलाश नगर वहां पहुंचा और करण यादव से कहा कि तू क्यों मेरी बहन को देखकर गाली गलौज कर रहा था। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया गुस्साए आरोपी रवि ने जेब से स्टील का चाकू निकाला और करण यादव पर वार कर दिया। इससे करण यादव के हाथ, सीना, पीठ आदि में गंभीर चोटें आई। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला था। मोहन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया था।