दुर्ग

कोरोना 5 दिन में 8 गुना, संक्रमण दर हुई 7 फीसदी
06-Jan-2022 12:44 PM
कोरोना 5 दिन में 8 गुना, संक्रमण दर हुई 7 फीसदी

बीएसपी के मुख्य महाप्रबंधक, 3 सहायक प्रबंधक, एक डॉक्टर सहित 196 पॉजिटिव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 जनवरी।
दुर्ग जिले में कल कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी करते हुए करीब 200 की संख्या तक पहुंच गया है। कल हुए टेस्ट की रात में मिली रिपोर्ट में 196 संक्रमित मरीज मिले हैं, जिसमें बीएसपी से एक मुख्य महाप्रबंधक, 3 सहायक प्रबंधक सहित 40 संक्रमित मरीज मिले हैं।

जिले से चार ऐसे परिवारों की पुष्टि हुई है जिनके तीन-तीन सदस्य संक्रमित मिले हैं, केवल 5 दिन में ही 8 गुना संक्रमण बढ़ गया है। दुर्ग जिले में आज पॉजिटिविटी की दर बढक़र 7 प्रतिशत हो गई है नतीजतन जिला प्रशासन द्वारा पाबंदियां भी बढ़ा दी गई हैं। अब अंत्येष्टि एवं दशगात्र के कार्यक्रमों में जिला प्रशासन से अनुमति लेनी होगी।

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले में आज विभिन्न जांच केंद्रों से कल 2 हजार 799 सैंपल एकत्रित किए गए थे, जिसमें से 196 की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। जबकि कल 14 संक्रमित मरीजों ने ठीक होकर वापसी की है।तालपुरी लोटस कॉलोनी, धमधा, चौहान टाउन एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर ब्राह्मण पारा दुर्ग से एक ही परिवार के तीन-तीन सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। बीएसपी टाउनशिप क्षेत्र से कुल 40 संक्रमित मरीज मिले हैं जिसमें से एक मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम), 3 सहायक प्रबंधक, एक डॉक्टर भी शामिल है।

डॉ. ठाकुर ने बताया कि जिले में लगातार संक्रमण का आंकड़ा बढ़ रहा है। 1 जनवरी को 24 संक्रमित मरीज मिले और 5 जनवरी को बढक़र 196 तक संख्या पहुंच गई है। संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले के सभी नागरिकों को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए।


अन्य पोस्ट