दुर्ग
आज महापौर और सभापति का होगा चुनाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 जनवरी। नगर पालिक निगम भिलाई के पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 10 बजे तय समय पर प्रारंभ हुआ। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सभी पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
कोरोना प्रोटोकॉल को ध्यान रखते हुए कलेक्टर भुरे ने पार्षदों को 5-5 की संख्या में शपथ दिलवाई। शपथ के साथ ही भिलाई निगम में भी महापौर व सभापति चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कुछ घंटों बाद भिलाई निगम की तस्वीर भी पूरी तरह साफ हो जाएगी।
गौरतलब हो कि नगर पालिक निगम भिलाई के चुनाव के बाद यहां कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला हुआ है। कांग्रेस पार्टी के यहां 37 पार्षद से चुनकर आए हैं, वहीं चार निर्दलीयों ने भी उन्हें समर्थन दे दिया है इससे कांग्रेस पार्टी के पार्षदों की संख्या 41 हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों की संख्या 24 है। पांच निर्दलीय और हैं, जो अभी किसी के पाले में नहीं गए हैं।
बताया जा रहा है कि नगर निगम भिलाई में कांग्रेस का महापौर व सभापति बनना तय है। भिलाई निगम में बहुमत होने के बाद भी पार्षदों को टूटने से बचाने कांग्रेस पार्टी ने मतगणना के बाद ही सभी पार्षदों को अज्ञातवास पर भेज दिया गया। भिलाई निगम के पार्षद अज्ञातवास पूरा कर आज सुबह ही सीधे निगम कार्यालय शपथ ग्रहण स्थल पहुंचे। महापौर व सभापति प्रत्याशी कौन होगा, अभी तक किसी पार्षद को भी नहीं पता है।
इधर भारतीय जनता पार्टी महापौर व सभापति के लिए अपने उम्मीदवार खड़े कर रही हैं। निर्दलीय प्रत्याशी भी महापौर के लिए अपना उम्मीदवार खड़ा करेंगे।
प्रशासन द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार 11 से 12 के बीच नामांकन दाखिल होगा। दोपहर 12 से 1 के बीच नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। एक से 2 के बीच पार्षद महापौर व सभापति चुनने वोट करेंगे। मतदान के बाद महापौर व सभापति की घोषणा कर दी जाएगी।