दुर्ग
मामला नेहरू नगर के चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल का
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 जनवरी। नेहरू नगर स्थित चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल में नववर्ष की प्रथम रात उत्पात मचाते हुए तोड़ फोड़ करने वाले आरोपियों के खिलाफ स्पेल्ट पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और चिकित्सकीय स्टाफ के बयान बाद आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।
चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल अस्पताल नेहरू नगर जीई रोड के चिकित्सक डॉ. अश्विनी चंद्राकर ने पुलिस को बताया कि 1 जनवरी की रात्रि साढ़े 10 बजे प्रिंस डोंगरे निवासी भिलाई नगर का मृत शरीर परिजनों व उसके दोस्तों के द्वारा अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर्स के द्वारा परीक्षण किया गया तो वह मृत पाया गया। इसकी जानकारी देने पर मृतक के परिजन व दोस्त आक्रोशित होकर अस्पताल कर्मचारियों के साथ गाली गलौज करने लगे। उनके द्वारा अस्पताल मे तोडफ़ोड़ की गई।
मृतक प्रिंस डोंगरे भिलाई नगर रेल्वे स्टेशन सेक्टर 7 से लाया गया था। उसके मृत शरीर को आपातकालीन कक्ष में उसके परिजनों व दोस्तों ने लाया। डॉक्टर शाहजेब द्वारा परीक्षण किया गया तो प्रिंस डोंगरे की सांस रुक चुकी थी। इसकी जानकारी परिजन व दोस्तों को दी गई, जिससे आक्रोशित होकर उनके द्वारा अस्पताल में तोडफ़ोड़ एवं अस्पताल के कर्मचारियों के साथ गाली गलौज की गई।
डॉ. अश्विनी चंद्राकर ने बताया कि अस्पताल की ईसीजी मशीन, स्ट्रेचर, व्हील चेयर व फ्रंट द्वार व केजुअल्टी का शीशा तोड़ दिया गया। जिसका वीडियो का फुटेज पेन ड्राइव से पुलिस को दिया गया है। इस घटना के दौरान डॉ. शाहजेब, शेख शमीम, कमल वर्मा, लेखराम जोशी, टिकेश्वरी साहू घटनास्थल पर मौजूद थे।
सुपेला पुलिस ने इस मामले में प्रस्तुत साक्ष्य के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 294 , 427 भादवि, छग चिकित्सा सेवक तथा चिकित्सा सेवा संस्थान हिंसा तथा संपत्ति की क्षति या हानि की रोकथाम अधिनियम 2010 की धारा 3 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी है।